शुक्रवार, 30 दिसंबर 2011

'ओवरकॉन्फिडेंस में रहे तो 75-80 सीटें ही हाथ आएंगी'


जोधपुर. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.चंद्रभान ने गुरुवार को शहर कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान फिर से सत्ता में आने के लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियां गिनाने की सीख दी। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं को हमेशा याद रखना चाहिए कि जो बोलता है उसकी मिट्टी भी बिकती है। साथ ही कहा, ‘यदि ओवरकॉन्फिडेंस में रहे तो आने वाले चुनावों में हम 75 से 80 सीटों पर ही हाथ मलते रह जाएंगे। फिर दूर से ही सोचेंगे कि काश राज हमारा होता।

कार्यकर्ताओं का कमजोर होने का असर पार्टी के संगठनात्मक ढांचे पर

डॉ.चंद्रभान ने अफसोस जताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कमजोर होने असर पार्टी के संगठनात्मक ढांचे पर पड़ा है। प्रदेश में कुल 200 बूथ में से 20-25 बूथ ऐसे हैं, जहां बैठने के लिए पार्टी को एजेंट नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक जनवरी से तीस अप्रैल तक जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। आने वाले चुनावों से पहले दो सालों में 20 लाख सदस्य बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दिन में 16 घंटे काम करते है। दूसरी ओर महारानी वसुंधरा राजे शाम सात बजे बाद जनता से नहीं मिलतीं।

महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विजयलक्ष्मी विश्नोई ने कहा कि कार्यकर्ता सरकार की कमियों को गिनाएं यह अच्छी बात है, लेकिन सरकार की उपलब्धियां भी कुछ कम नहीं हैं। विजयलक्ष्मी ने कहा कि चंद्रभान जोधपुर के दामाद हैं जबकि वे स्वयं जोधपुर की बेटी हैं। इस नाते जोधपुर से दोनों का दिल से जुड़ाव है।

समारोह में राजेश रामदेव तथा इकबाल खान के नेतृत्व में दोनों नेताओं को कार्यकर्ताओं ने 51-51 किलो की माला पहनाई। कार्यक्रम में महापौर रामेश्वर दाधीच, पूर्व विधायक जुगल काबरा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुनीता भाटी, प्रदेश सचिव अनिल टाटिया, कोषाध्यक्ष कैलाश टाटिया, कांग्रेस सचिव उत्तम वरवानी, लियाकतअली रंगरेज, डॉ.धनपत गुर्जर, योगेश गहलोत, महेश खेतानी, वर्षा गहलोत, गोविंद श्रीमाली, सुनील परिहार, पवन मेहता, अब्दुल गनी फौजदार, सुनील मोहनोत आदि मौजूद थे। बैठक में प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुनीता भाटी, जुगल काबरा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुन्नीदेवी गोदारा, रंजू रामावत, करण सिंह उचियारड़ा, महापौर रामेश्वर दाधीच, उपजिला प्रमुख हीरालाल मुंडेल, उम्मेद उदाणी आदि मौजूद थे।

देहात अध्यक्ष ने गिनाई कमियां : देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष हीराराम मेघवाल ने कहा कि बिजली की समस्या से किसान और आमजन परेशान है, आपणो काम खेत योजना ठंडे बस्ते में है, बीपीएल चयनितों को पट्टे नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में आमजन के सामने हम क्या मुद्दे लेकर जाएं?
हमारे राज में 10 मरे, उनके समय तो 100 मरे थे : डॉ. चंद्रभान ने
कहा कि भाजपा राज में रोज गोलियां चलती थीं। उनके राज में 100
लोग गोली से मर गए, जबकि हमारे शासन में गोपालगढ़ प्रकरण में महज 10 लोगों की मौत हुई है

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें