सोना 28,000 के भी नीचे, लगातार पांचवें दिन गिरावट


 
अंतर्राष्ट्रीय बाज़ारों में सोने की गिरावट का असर यहां भी पड़ा और यह शुक्रवार को 28,000 रुपए प्रति दस ग्राम के स्तर के भी नीचे चला गया।

राजधानी दिल्ली में हाजिर बाज़ार में सोना छह हफ्तों के स्तर पर जा पहुंचा है। आज बिकवाली के दबाव से सोने में 375 रुपए प्रति दस ग्राम की गिरावट आई और वह 27,765 रुपए प्रति दस ग्राम पर जा पहुंचा। सोने में गिरावट का आज पांचवां दिन था। ग्लोबल बाज़ार के संकेतों से स्टॉकिस्टों ने आज काफी बिकवाली की। शादियों के सीजन की समाप्ति के कारण बाज़ार में ग्राहक भी नहीं थे।

पिछले पांच सत्रों में सोना 1,565 रुपए प्रति दस ग्राम गिर चुका है। न्यूयॉर्क में सोना 5.90 डॉलर गिरकर 1,570.60 डॉलर प्रति औंस पर जा पहुंचा है। निवेशक अब सोने से दूर भाग रहे हैं।

लेकिन चांदी में तेजी जारी है और वह 500 रुपए प्रति किलो चढ़कर 53,100 रुपए प्रति किलो पर जा पहुंची।

टिप्पणियाँ