जोधपुर: कलेक्ट्रेट कर्मचारियों ने की पेन डाउन हड़ताल


जोधपुर। शुक्रवार को जोधपुर में कलेक्ट्रेट कर्मचारियों ने पेन डाउन हड़ताल की। फलौदी तहसील में हजारों बीघा जमीन के फर्जी बेचान के मामले में निलंबित किए गए तहसीलदार सहित चार अन्य कर्मचारियों की गिरफ्तारी के विरोध में हड़ताल की गई। दरअसल फर्जी जमीन बेचान का मामला फलौदी थाने में दर्ज है और इस संबंध में पुलिस ने तहसीलदार, नायाब तहसीलदार, वरिष्ठ लिपिक और पटवारी को जांच के बहाने बुलाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इसी के विरोध में अखिल राजस्थान राज्य संयुक्त कर्मचारी महासंघ के बैनर तले कर्मचारियों ने महासंघ के जिलाध्यक्ष शंभूसिंह मेड़तिया के नेतृत्व में पेन डाउन हड़ताल की।
कर्मचारियों ने सुबह दस बजे कलेक्टर कार्यालय, एडीएम प्रथम, एडीएम द्वितीय, तहसील, पटवार कार्यालय, पंजीयन एवं मुद्रांक सहित अन्य प्रशासनिक कार्यालय बंद करवाकर कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया। इसके बाद सभी कर्मचारी नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठ गए। दोपहर करीब डेढ़ बजे कर्मचारियों ने कलेक्टर सिद्धार्थ महाजन को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच करने और निर्दोष कर्मचारियों को छोडऩे की मांग की। इस पर जिला कलेक्टर ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

टिप्पणियाँ