यूथ अगेंस्ट करप्शन की सभा में युवाओं ने लिया संकल्प



भ्रष्टाचार के खिलाफ दिखाई एक जुटता


यूथ अगेंस्ट करप्शन की सभा में युवाओं ने लिया संकल्प


बाड़मेरजो बढ़ते हुए जहाज को रोक दे, उसे तूफान कहते हैं और जो तूफान को रोक दे उसे भारत का नौजवान कहते हैं। गांधी चौक में आयोजित यूथ अगेंस्ट करप्शन की बैठक में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश सहमंत्री वीरेंद्र सिंह सोढ़ा ने बुधवार को इन्हीं शब्दों के साथ भ्रष्टाचार के विरोध में आगे आने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा बाबा रामदेव और अन्ना हजारे युवाओं के साथ भ्रष्टाचार को मिटाना चाहते हैं जिसे सरकार ने दबा दिया। उन्होंने चेताया कि सरकार युवाओं के जोश को दबा कर दिखाए। युवाओं ने ही नेताओं को नेतृत्व दिया है इसलिए युवा वर्ग नेताओं से नेतृत्व छीनने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा युवा ही भ्रष्टाचार की क्रांति को मिटाएंगे। भारतीय युवाओं के बारे में अमेरिका के राष्ट्रपति ने भी कहा है कि अमेरिका के युवाओं जाग जाओ, नहीं तो भारत के युवा आगे निकल जाएंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रप्रेम को प्राथमिकता दें।

मुख्य अतिथि शिक्षाविद कमल सिंह ने कहा कि मनुष्य के लालच ने ही भ्रष्टाचार को जन्म दिया है। यही कारण है कि गार्ड से लेकर मंत्री तक भ्रष्टचार में लिप्त हैं। भ्रष्टाचार को मिटाने के लिए सबसे बड़ी शक्ति युवा ही है। उन्होंने भ्रष्ट राजनीति पर चिंता जताते हुए कहा इसे खत्म करने के लिए गहन विचार करना होगा। उन्होंने कहा सबसे बड़ा धर्म राष्ट्रधर्म इसे नष्ट न होने दें। उन्होंने युवाओं से कहा आत्मबल को कभी कम न होने दें।

युवा अपने विचार पर हमेशा दृढ़ रहें। साहित्यकार बंशीधर ने कहा भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने पर ही मकसद पूरा होगा। इसके लिए उन्होंने सीख दी की युवा पहले स्वयं में सुधार लाएं ताकि दूसरों को भ्रष्टाचार करने से रोक सके। स्वामी प्रतापपुरी महाराज ने कहा मंदिरों में भगवान का उच्चारण हो रहा है। इधर भ्रष्टाचार को मिटाने युवा एकत्रित हुए है।

उन्होंने कहा वर्तमान में राष्ट्र की स्थिति और कर्तव्यनिष्ठा की जिम्मेदारी यूथ पर है। इसलिए युवा देशप्रेम से ओतप्रोत होकर भ्रष्टाचार का डटकर सामना करें। उन्होंने आह्वान किया युवा संस्कारवान वातावरण तैयार कर देश को फिर से गौरवमय स्थान पर पहुंचाए। यात्रा प्रभारी भवानी प्रकाश ने आक्रोश यात्रा एवं यूथ अगेंस्ट करप्शन की जानकारी दी। फोरम के जिला संयोजक दिनेशपालसिंह लखा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

टिप्पणियाँ