जयपुर। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का शनिवार को यहां पहुंचने पर एयरपोर्ट के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरशोर से स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत मोदी ने वहां मौजूद एक एक कार्यकर्ता से मालाएं और अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर, प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी और प्रतिपक्ष के उपनेता घनश्याम तिवाड़ी भी उनके साथ थे।
इस अवसर पर उन्होंने कहा है कि गुजरात विकास का पर्याय बन चुका है और गुजरात के विकास में राजस्थान के लोगों का खास योगदान है। उन्होंने कहा कि गुजरात में विकास का सबसे ज्यादा फायदा राजस्थान को ही हुआ है। राजस्थान के लगभग हर परिवार का एक न एक सदस्य गुजरात में है और किसी न किसी रूप विकास में भागीदारी निभा रहे है।
मोदी ने कहा कि आज देश में जहां भी विकास की बात होती है, गुजरात मॉडल को अपनाने की बात होती है। विकास की चर्चा हो तो गुजरात का नाम लिया जाता है और गुजरात पर बात हो रही हो तो विकास का संदर्भ आ ही जाता है।
मोदी ने कहा कि वे भी संगठन के कार्यकर्ता रहे है और उन्होंने जीवन के प्रारंभिक दिनों में राजस्थान में काम किया है और यहां से जो सीखा है, उसे गुजरात के विकास में लागू करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की रीतियों और नीतियों के आधार पर गुजरात की सरकार चल रही है। इसके अच्छे परिमाण मिल रहे हैं।
ये थे मौजूद :
एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए भाजपा की पुरानी टीम के लोग ज्यादा दिखाई दिए। इसमें विधायकों के साथ पार्षद और पूर्व पार्षदों की वो टीम भी थी जो इन दिनों पार्टी के कार्यक्रमों में नहीं दिखते।
भाजपा शहर अध्यक्ष शैलेंद्र भार्गव, विधायक कालीचरण सराफ, राजपाल सिंह, अशोक परनामी, निर्मल कुमावत, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सांवर लाल जाट, पूर्व मंत्री यूनुस खान, मदन दिलावर, कालूलाल गुर्जर, उपमहापौर मनीष पारीक, पूर्व पार्षद राघव शर्मा, कुलदीप मिश्रा, पूर्व जिला प्रमुख रामचरण बोहरा, युवामोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष ऋषि बंसल, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक लाहोटी, युवामोर्चा शहर अध्यक्ष निधि शेखर शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे। गुर्जर महिला संगठन की ओर से शील धाभाई के नेतृत्व में महिलाओं ने मोदी का साफा और शाल पहना कर स्वागत किया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें