रविवार, 30 अक्तूबर 2011

तीन दिन में आए 30 हजार सैलानी


तीन दिन में आए 30 हजार सैलानी

शहर की होटलें फुल, लगातार बढ़ रही है पर्यटकों की संख्या


जैसलमेर  स्वर्णनगरी में इन दिनों बड़ी संख्या में देशी विदेशी सैलानी भ्रमण के लिए पहुंच रहे हैं। दीपावली के अगले दिन से ही सैलानियों की आवक बढ़ गई है। अनुमान के मुताबिक गत तीन दिनों में 30 हजार से अधिक देशी विदेशी सैलानी स्वर्णनगरी का भ्रमण करने आए हैं।

दीपावली के बाद स्वर्णनगरी में गुजराती सैलानियों की आवक एकाएक बढ़ जाती है। शहर के लगभग हर प्रमुख पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार दिखाई दे रहे हैं। वहीं पर्यटन व्यवसायी भी सैलानियों की आव भगत करने में मशगूल हैं। शहर की प्रमुख होटलें फुल हो चुकी हैं।

दीपावली के अगले दिन से ही लगातार सैलानियों की आवक बढ़ रही है। गत तीन दिनों में करीब 30 हजार से अधिक देशी विदेशी सैलानी स्वर्णनगरी पहुंच चुके हैं। सैलानियों की बंपर सीजन के चलते शहर स्थित बजट होटलें इन दिनों फुल चल रही है। वहीं तापमान में गिरावट आने के साथ ही विदेशी बजट सैलानियों की भी आवक बढ़ गई है। दीपावली के अवकाश के चलते आगामी दो-तीन दिनों में देशी पर्यटकों की संख्या बढऩे के भी आसार जताए जा रहे है।

पार्किंग में वाहन खड़े करने की जगह नहीं

शहर के सभी प्रमुख पार्किंग स्थल इन दिनों वाहनों से अट गए है। हनुमान चौराहा पार्किंग, दुर्ग पार्किंग, पटवा हवेली पार्किंग, गड़सीसर पार्किंग में वाहन पार्क करने की जगह नहीं मिल रही है। गुजरात से आने वाले सैलानी निजी वाहनों से आने के कारण शहर में इन दिनों वाहनों की रेलमपेल बढ़ गई है।

विदेशी सैलानी भी बढ़े

गत एक सप्ताह से लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। तापमान में गिरावट के साथ ही विदेशी सैलानियों का ग्राफ भी बढ़ रहा है। इन दिनों स्वर्णनगरी भ्रमण पर बजट क्लास विदेशी सैलानी पहुंच रहे है। इसी के साथ भी विदेशी पर्यटकों के ग्रुप भी बड़ी संख्या में जैसलमेर में आ रहे है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें