मंगलवार, 30 अगस्त 2011

अमरीका ने अरूणाचल को बताया चीन में

अमरीका ने अरूणाचल को बताया चीन में

नई दिल्ली। अमरीका के एक कदम से भारत के साथ राजनयिक रिश्तों में खटास आने की संभावना है। अमरीका ने अपनी एक ताजा रिपोर्ट में अरूणाचल प्रदेश को भारत और चीन के बीच के विवादित क्षेत्र के रूप में पेश किया है। वहीं पाक अधिकृत कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा बताया है। पेंटागन की इस रिपोर्ट में चीन की बढती सैन्य ताकत पर खुलकर चिंताएं व्यक्त की गई हैं और इस घटनाक्रम को क्षेत्रीय असंतुलन के रूप में पेश किया गया है।


अमरीकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने चीन की सैन्य ताकत पर केंद्रित अपनी रिपोर्ट में लगभग सभी मानचित्रों में अरूणाचल प्रदेश को विवादित क्षेत्र के रूप में दिखाया है। करीब 96 हजार वर्ग किलोमीटर के इस इलाके को चीन अपना बताता रहा है और भारत उसके दावे को गैर कानूनी करार दे चुका है।

इन्हीं मानचित्रों में पाक अधिकृत कश्मीर को विवादित क्षेत्र नहीं बताकार पाकिस्तान के हिस्से के रूप में दिखाया गया है। अमूमन चीन के मानचित्रों में अरूणाचल प्रदेश को अपना हिस्सा और पाक अधिकृत कश्मीर को पाकिस्तान के अंग के रूप में दिखाया जाता रहा है। इन मानचित्रों पर बहुत बारीक शब्दावली में एक स्पष्टीकरण भी लिखा हुआ है कि इन मानचित्र में दी गई सीमाएं अनिवार्य रूप से आधिकारिक स्थिति का प्रतिनिधित्व नहीं करती।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें