शुक्रवार, 24 जून 2011

मुख्यधारा में शामिल हों नक्सली: राष्ट्रपति



रायपुर।। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने शुक्रवार को नक्सलियों को आह्वान किया कि वे जनजातीय लोगों का विकास सुनिश्चित करने के लिए हिंसा का रास्ता छोड़ें और सरकार के साथ वार्ता में शामिल हों।

छत्तीसगढ़ विधानसभा के एक विशेष सत्र को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा, 'मैं नक्सलियों और हिंसा में शामिल अन्य लोगों का आह्वान करती हूं कि वे हिंसा छोड़ें और शांति के लिए बातचीत में शामिल हों।'

उन्होंने कहा, 'मैं उनसे जनजातीय लोगों का विकास सुनिश्चित करने के लिए मुख्यधारा में शामिल होने का आह्वान करती हूं।'

अपने 20 मिनट के भाषण में पाटिल ने कहा, 'हाल के समय में नक्सली हिंसा की कई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हुई हैं और इनमें कई लोगों की जान गई है।'

उन्होंने कहा, 'यह अब सभी लोगों को याद रखना होगा कि देश के विकास के लिए शांति कायम रखना अत्यंत आवश्यक है। वास्तव में हिंसा के रास्ते कुछ भी हासिल नहीं किया जा सकता।'

ज्ञात हो कि राष्ट्रपति ने यह अपील कई राज्यों खासतौर से छत्तीसगढ़ में बढ़ते नक्सली हमलों के बीच की है।

उल्लेखनीय है कि नक्सलियों ने राज्य के अशांत बस्तर इलाके में कई हमलों को अंजाम दिया है। इन हमलों में राज्य पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के कई जवान शहीद हुए हैं। नक्सलियों ने बारूदी सुरंग विरोधी वाहनों को भी विस्फोट से उड़ाया है। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें