सोमवार, 30 मई 2011

फूड प्वाइजनिंग से 54 लोग बीमार


फूड प्वाइजनिंग से 54 लोग बीमार

जालोर रामसीन मांडोली नगर ग्राम पंचायत के भूतवास गांव में रविवार को फूड प्वाइजनिंग से 54 लोग बीमार हो गए। पीडितों को मांडोली नगर से प्राथमिक उपचार के बाद भीनमाल रैफर किया गया। चिकित्सा अघिकारियों ने फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई है।
जानकारी के अनुसार भूतवास निवासी मगाराम पुत्र तेजाराम चौधरी के यहां विवाह समारोह के उपलक्ष्य में रविवार को प्रीतिभोज था। इसमें मांडोली नगर, सुमेरगढ़ खेड़ा, भूतवास सहित अन्य गांवों के रिश्तेदार व परिचित शामिल हुए। दोपहर के भोजन में लोगों ने सब्जी-रोटी खाई थी। इसके बाद करीब तीन बजे कुछ लोगों को पेट दर्द व उल्टी की शिकायत होने लगी। थोड़ी देर में ही उनकी संख्या बढ़ने लगी। ग्रामीणों ने पीडितों को मांडोली के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया।
यहां उपचार के बाद गम्भीर पीडितों को भीनमाल रैफर किया। उपखंड अघिकारी शैलेन्द्र देवड़ा ने बताया कि भीनमाल के राजकीय चिकित्सालय में 34 एवं निजी चिकित्सालय में 13 लोगों का उपचार चल रहा है। जबकि 7 जने मांडोली के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती हैं। सूचना पर तहसीलदार जितेन्द्र ओझा, नायब तहसीलदार रामलाल भुगरिया, पुलिस चौकी प्रभारी विजेन्द्रसिंह मांडोली नगर पहुंचे।
देर से पहुंची जालोर से टीम
सूचना के बावजूद जालोर से चिकित्सा टीम के देरी से पहुंचने पर ग्रामीणों ने अघिकारियों के समक्ष आक्रोश जताया। सीएमएचओ को दोपहर तीन बजे ग्रामीणों ने सूचना कर दी थी, फिर भी चिकित्सा दल करीब पांच बजे मांडोली पहंुचा।
गांव भेजा चिकित्सा दल
भीनमाल. निकटवर्ती भूतवास गांव में फूड प्वाइजनिंग से पीडित लोगों को राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पीडितों में अघिकांश वृद्ध, महिलाएं व बच्चे हैं। चिकित्सालय में ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अघिकारी डॉ. गजेन्द्रसिंह देवल, डॉ. एम.एम. जांगिड़, डॉ. नेमीचंद जैन ने उपचार किया। एक चिकित्सा दल भूतवास भेजा गया है। इधर, भीनमाल विधायक पूराराम चौधरी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. समरजीतसिंह ने चिकित्सालय पहुंचकर पीडितों की कुशलक्षेम पूछी।
स्थिति नियंत्रण में
फूड प्वाइजनिंग से 54 लोग बीमार हुए हैं। इनमें से आधे लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। शेष का उपचार जारी है। फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में है। - डॉ. एम.एम. जांगिड़, चिकित्सा प्रभारी, भीनमाल




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें