शुक्रवार, 22 अप्रैल 2011

शराब माफियाओं ने चलाई गोलियां


शराब माफियाओं ने चलाई गोलियां 
जयपुर। जयपुर के शास्त्री नगर थानान्र्तगत स्वामी बस्ती में शुक्रवार को शराब माफिया के साथियों की ओर से की गई फायरिंग में करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। फायरिंग में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त हो गया। सूत्रों के मुताबिक स्थानीय विधायक मोहनलाल गुप्ता की समझाइश के बाद मामला शांत हो गया और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
ठेके के विरोध में थे लोग
सूत्रों के मुताबिक स्वामी बस्ती में शहजाद डूटी नाम के एक शराब माफिया ने कुछ दिन पहले शराब का ठेका लगाया था। स्थानीय लोग करीब सात-आठ दिन से ठेके का विरोध कर रहे थे। शुक्रवार को भी लोग ठेके का विरोध करने के लिए जमा हुए थे। इसी दौरान शराब माफिया शहजाद डूटी अपने साथियों के साथ वहां आ धमका। उससे लोगों ने शराब का ठेका हटाने को कहा लेकिन वह नहीं माना। लोगों से नोंक झोंक तेज होते देख शहजाद के साथी भी वहां आ धमके। उन्होंने हवाई फायर कर दिया। इसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
फायरिंग की घटना के बाद प्रदर्शनकारी और उग्र हो गए। इस बीच कुछ और लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पथराव करना शुरू कर दिया। घटना से इलाके में तनाव व्याप्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। उग्र प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इस बीच स्थानीय विधायक मोहनलाल गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को शांत करने की कोशिश की। गुप्ता ने लोगों को ठेका बंद करवाने का आश्वासन दिया। गुप्ता की समझाइश के बाद मामला शांत हो गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें