शुक्रवार, 26 सितंबर 2014

पीएम मोदी पहुंचे न्यूयॉर्क, ऐतिहासिक स्वागत

न्यूयॉर्क/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को भारतीय समयानुसार रात करीब साढ़े 10 बजे अपने विशेष विमान से न्यूयॉर्क पहुंचे। ऐतिहासिक यात्रा पर अमेरिका पहुंचे पीएम मोदी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान अमेरिकी हस्तियों के साथ भारतीय अधिकारी मौजूद रहे। न्यूयॉर्क में मोदी के आगमन को लेकर लोगों का जोश देखते ही बन रहा था। इस दौरान अमेरिकी प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को फ्रेंकफर्ट से न्यूयॉर्क के लिए रवाना हुए थे। न्यूयार्क पहुंचने से पहले उन्होंने अमेरिका को भारत के लिए 'नेचुरल ग्लोबल पार्टनर' बताया। साथ ही उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की भी बात कही।

मोदी ने कहा कि दोनों लोकतांत्रिक देशों की शक्ति का उपयोग लोगों के जीवन में बदलाव के लिए किया जा सकता है। पीएम ने वॉल स्ट्रीट जर्नल के वैचारिक पेज पर लिखा कि अमेरिका हमारा स्वाभाविक वैश्विक सहयोगी है। भारत और अमेरिका अपने साझा मूल्यों के स्थायी और सार्वभौमिक औचित्य को मूर्त रूप देते हैं।
उनके न्यूयार्क पहुंचने का सभी को बेसर्बी से इंतजार था। यहां होने वाली मोदी-ओबामा मुलाकात पर दुनिया भर की निगाहें लगी हैं। न्यूयार्क में प्रधानमंत्री संयुक्त राष्ट्र महासभा 69वें सत्र को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वह यहां अमेरिकी कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे। उनकी इस यात्रा को भारत में निवेशकों के लिए एक अच्छा संकेत माना जा रहा है।

मोदी प्रधानमंत्री बनने के बाद नेपाल, जापान, भूटान की आधिकारिक यात्रा कर चुके हैं। उनकी इन यात्राओं को काफी सफल भी माना गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यूयार्क में काफी व्यस्त कार्यक्रम है। रविवार को वह यहां के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में एक रैली को भी संबोधित करेंगे। इसमें भारतीय मूल के करीब 20 हजार अमेरिकियों के पहुंचने की उम्मीद है।

भाजपा सांसद ने बहू के पुनर्विवाह के लिए 100 करोड़ की संपत्ति कन्यादान में दी -

राजकोट । गुजरात के पोरबंदर से भाजपा सांसद विट्ठल रहाडिया ने शुक्रवार को 100 करोड़ की संपत्ति अपनी बहू को पुनर्विवाह के लिए दे दी। रहाडिया के बेटे कल्पेश की सात महीने पहले ह्रदय गति रूकने से मौत हो गई थी। कल्पेश के दो बच्चे  भी हैं। 
BJP MP gifts property worth Rs 100cr for daughter-in-law`s remarriage
विट्ठल रहाडिया लेउवा पटेल और किसानों के नेता हैं। रहाडिया के करीबी चेतन रमानी ने बताया कि कल्पेश की मौत बाद से ही विट्ठल अपनी बहू मनीषा की फिर से शादी कराना चाहते थे ताकि उसके जीवन में फिर से खुशियां आ सकें। इसी के तहत मनीषा की विट्ठल के बेटे ललित के दोस्त हार्दिक चौवटिया से शुक्रवार रात को राजकोट के जामकांडोरना शहर में शादी होगी। 

चेतन रमानी ने बताया कि बहू को कन्यादान में 100 करोड़ रूपये की संपत्ति देकर विट्ठल ने समाज के सामने एक उदाहरण पेश किया है।हार्दिक रहाडिया के बेटे हार्दिक के साथ सूरत में काम करता है। रहाडिया के बेटा जयेश जैतपुर से भाजपा विधायक है और गुजरात सरकार में मंत्री भी है। रहाडिया पहले कांग्रेस में थे लेकिन वे बाद में भाजपा में शामिल हो गए। साल भर पहले वे गुजरात में एक टोल नाके पर फायरिंग के मामले में खबरों में आए थे।