बुधवार, 1 जनवरी 2014

प्रदेशाध्यक्ष चन्द्रभान ने निष्कासन करे रद्द

जयपुर। राजस्थान जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सलीम कागजी द्वारा विधानसभा चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी के दो पूर्व विधायकों तथा तीन ब्लॉक अध्यक्षों को छह साल के लिए निष्कासित करने की कार्रवाई को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान ने बुधवार स्थगित कर दिया।
पार्टी के सूत्रों ने बताया कि कागजी की इस कार्रवाई से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय के समक्ष कागजी के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। सूत्रों ने बताया कि डॉ. चन्द्रभान ने कागजी की इस कार्रवाई को स्थगित करने के साथ ही इस मामले को प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति को सौंपने की बात कही है। इसके साथ ही डॉ. चन्द्रभान ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया है कि वह कागजी से बातचीत कर इस मामले में स्थिति स्पष्ट करने को कहेंगे।

उधर, कागजी ने कहा है कि उन्होंने जयपुर शहर की सीटों परविधानसभा चुनाव में खडे हुए पार्टी प्रत्याशियों की शिकायत मिलने पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। जबकि पार्टी के नियमों के अनुसार वह पूर्व विधायक, प्रदेश कांग्रेस के सदस्य और ब्लॉक अध्यक्षों को निष्कासित करने के लिए अधिकृत नही हैं।

उल्लेखनीय है कि कागजी ने सोमवार को पूर्व विधायक गंगादेवी, पूर्व विधायक उदय सिंह राठौड़, सिविल लाइंस ब्लाक अध्यक्ष शिवराज सिंह शेखावत, जौहरी बाजार ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल रउफ, किशनपोल बाजार ब्लॉक अध्यक्ष राम अवतार अग्रवाल, शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष गोपाल नावरिया, सचिव गणेश शर्मा ब्लॉक अध्यक्ष रवि वर्मा और जयपुर नगर निगम की महापौर ज्योति खण्डेलवाल के पति शरद खण्डेलवाल सहित 23 पदाधिकारियों को कांग्रेस से छह वर्ष के लिए निष्कासित करने के साथ ही खण्डेलवाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष सलीम कागजी ने तो महापौर पर उनके बेटे अमीन कागजी को किशनपोल सीट से हराने का आरोप भी लगा दिया था। उल्लेखनीय है कि जयपुर शहर की सभी आठ सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशियों की करारी हार हुई थी। इसके बाद पार्टी में विवाद बढ़ता जा रहा है।

जांगिड समाज की हरसम्भव सहायता होगी -भायल

जांगिड समाज की हरसम्भव सहायता होगी -भायल 

जांगिड समाज ने किया नवनिर्वाचित विधायक का बहुमान 


सिवाना।जांगिड समाज द्वारा भारतीय जनता पार्टी की महाविजय में अपनी सहभागिता निभाई गई है। हम आभारी है इस समाज के तथा जब भी जरूरत होगी सरकार द्वारा समाज की हरसम्भव सहायता की जाएगी। ये बात नवनिर्वाचित विधायक हमीरसिंह भायल ने जांगिड समाज द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में अपने सम्बोधन के दौरान कही। पूर्व विधायक कानसिंह कोटडी ने भी भाजपा की विजय पर सभी समाज बंधुओ का आभार व्यक्त किया। समारोह के दौरान सम्बोधित करते हुए उपखंड अधिकारी गोमती शर्मा ने कहा कि समाज के सम्पूर्ण उत्थान के लिए अपने अधिकारों के लिए जागरूक होना जरूरी है। समाज में बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिले तभी हमारा समाज उन्नति की ओर अग्रसर होगा। समारोह को पूर्व प्रधान मुलसिंह भायल, तहसीलदार हनुमानराम चौधरी, समाजसेवी जेठाराम जोधपुर ने भी सम्बोधित किया। जांगिड समाज के बड़े बुजुर्गो एव सैकड़ो समाज बंधुओ की उपस्थिति में नवनिर्वाचित विधायक का साफे और मालाओ से बहुमान किया गया। स्वागत भाषण देते हुए शिक्षाविद जीवराज वर्मा ने कहा कि समाज निरंतर भाजपा की जित में सहभागी हुआ है और संगठन में इसको पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने सिवाना के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए क्षेत्र में सिवाना महोत्सव प्रारम्भ करवाने की मांग की। इस दौरान किसान नेता घेवरराम, भाजयुमो नेता जितेन्द्र जांगिड, किशोर कुमार, सखाराम, रामलाल, पोकरराम, कालूराम, रगुनाथराम राखी, मनोज महेश्वरी, रमेश सुथार, सुरेन्द्रसिंह पादरडी, मालमसिंह मिठोड़ा, अजयसिंह परमार, रोशन माथुर, कोजराजसिंह सहित सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।

बच्चों की मौजूदगी में मां से गैंग रेप



कानपुर  कानपुर के बिठूर इलाके में बच्चों की मौजूदगी में घर में घुसकर महिला से 3 लोगों ने गैंग रेप किया। घटना सोमवार देर रात की है।

भागते हुए आरोपियों के बर्तन से टकराने पर हुई आवाज से महिला की बेटी की नींद खुली और उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। इसके बाद लोग महिला को बेहद बुरी हालत में थाने ले गए। यहां उसने आधी बेहोशी की हालत में अपना बयान दर्ज कराया। बिठूर थाना इंचार्ज के अनुसार, पुलिस ने रेप की एफआईआर दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, सुरेंद्र (सभी नाम बदले हुए) कपड़ों की फेरी लगाता है। वह काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता है और हफ्ते में एक बार ही घर आ पाता है। बिठूर के मकसूदाबाद गांव के घर में उसकी बीवी रानो (32) 2 बच्चों के साथ सोमवार रात रोजाना की तरह सोई। आरोप है कि रात करीब 1 बजे घर के पिछले हिस्से से गांव के पप्पू, कुलदीप और मनोज घुसे। अंदर आकर इन्होंने कपड़े से रानो का मुंह दबाकर बंद कर दिया और उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद तीनों ने पहले वहां खूब शराब पी और फिर उन्होंने बारी-बारी से रानो से रेप किया।भागने की कोशिश में जब आरोपी बर्तनों से टकराए तो रानो की 11 साल की बेटी जाग गई। यह देखकर आरोपियों ने उस पर तेजाब डालने की धमकी दी। इसके बाद वे मौके का फायदा उठाकर भाग निकले। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और रानो को लेकर थाने गए। उसके शरीर पर चोट और काटने के कई निशान थे। थाने में बेहोशी की हालत में रानो ने किसी तरह बयान दिया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत ऐक्शन लेते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया है। बिठूर थाना इंचार्ज के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ धारा 376 (रेप) और 377 (कुकर्म) की रिपोर्ट दर्ज की गई है।

सीने पर बनवाया दोस्त की बीवी का टैटू, गिरफ्तार



काठमांडू  दोस्त की बीवी पर दिल आया तो उसने छाती पर उसका टैटू ही गुदवा डाला। मामला नेपाल का है। नेपाल पुलिस ने इस 35 वर्षीय सिरफिरे आशिक को गिरफ्तार कर लिया है। नेपाल में अपनी तरह का यह पहला मामला है।
Nepal man held for tattooing pic of friend’s wife on chest
काठमांडू के कावरे पूर्वी जिला निवासी कुमार केसी ने दावा किया कि है अपने सीने पर इस महिला की तस्वीर बनवाने के बाद उसका प्यार परवान चढ़ा। पुलिस अधिकारी अरुण कुमार बिसी ने बताया कि कुमार को जन अपराध अधिनियम के तहत पुलिस हिरासत में रखा गया है, क्योंकि किसी महिला का टैटू बनवाने से जुड़ा कोई कानून नहीं है। पुलिस के मुताबिक, देश में इस तरह का यह पहला मामला है।

कुमार ने बताया कि महिला के पति ने चार साल पहले उसकी मुलाकात कराई थी तभी से वह उसे प्यार करने लगा था। उसने दावा किया, अपनी मुलाकात के बाद हम एक दूजे को प्यार करने लगे। बहरहाल, महिला ने कुमार को अपना दोस्त भर बताया है।

गए थे शादी की खबर देने,कर दिया "अंदर"!

मंदसौर। शादी की सूचना देने थाने गए युवक-युवती को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। एक दिन पहले ही दोनों ने घर से भागकर शादी की थी। लड़की के परिजनों ने नई आबादी थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था।
कोर्ट में की शादी

रोहित सिंह पिता मान सिंह निवासी संजय हिल्स ने पड़ोस में रहने वाली युवती सपना पिता रामचंद्र के साथ घर से भागकर सोमवार को शादी कर ली।

मंगलवार को दोनों नई आबादी थाने पहुंचे और बताया कि उन्होंने शादी कर ली है, लेकिन पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।

युवती के परिजनों ने गत दिवस अपहरण का मामला दर्ज करा दिया था। सूचना पर दोनों के परिजन थाने पहुंचे। यहां रोहित के पिता के साथ सपना के परिजनों ने हाथापाई भी की।

बालिग हैं दोनों!

रोहित एवं सपना के अनुसार वे दोनों बालिग हैं और उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है। दोनों के पास कोर्ट में शादी का सर्टिफिकेट भी है। इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

मैं अभी फेमिली के साथ गोवा में नए वर्ष की पार्टी मनाने आया हूं। इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
- कुशाल सिंह रावत, टीआई नई आबादी, मंदसौर

मां का प्रेमी बेटियों से करता था दुष्कर्म

कोयम्बटूर। पुलिस ने एक 35 वर्षीय व्यक्ति को कथित तौर पर अपने 17 व 12 साल की बेटियो से यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त आर गोविंदराज कुरूम्बपालयम का रहने वाल है और पेशे से बढ़ाई है। उसने चाय की दुकान के मालिक शिवकुमार की पत्नी के साथ अवैध संबंध बना लिए थे।

शिर्मिला शिवकुमार से रिश्ता तोड़कर गोविंदराज के साथ रहने लगी। पुलिस के अनुसार गांविंदराज और शर्मिला के बीच उसकी पहली पत्नी रेवती (24) के दखल देने के बाद अनबन हो गई।

इससे शर्मिला अपनी दोनों बेटियों छोड़कर अपने मायके चली गई। शर्मिला के जाने के बाद गोविंदराज अपनी बड़ी बेटी से दुष्कम करेने लगा। उसने पिता की यातनाओं से परेशान होकर घर आना बंद कर दिया और हॉस्टल में रहने लगी।

उसके बाद गोविंदराज ने दूसरी 12 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म करने लगा। वह 7वीं कक्षा में पढ़ती है। 17 वर्षीय छात्रा ने मदुरै जिले के विरूदनगर के अरूप्प्ुकोटै गांव के निवासी के सरवणन के साथ भाग कर विवाह कर लिया। दोनों भागकर शर्मिला के पास गए। शर्मिला ने दोनों का विवाह एक मंदिर में करा दिया।

इसी बीच गोविंदराज ने अपनी बेटी की गुमदशुदगी की पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला पुलिस स्टेशन के निरीक्षक मुनिरा बेगम ने बताया कि पुलिस ने नाबालिग लड़की से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह प्रतिदिन अपने पिता का यौन उत्पीड़न का शिकार होती थी।

उसने आरोप लगाया कि उसकी छोटी बहन भी अपने पिता की शिकार होगी। पुलिस ने बताया कि सोमवार को गोविंदराज और सरवणन को गिरफ्तार कर रिमांड पर कस्अडी में भेज दिया गया है।

केजरीवाल ने विधायक के रूप में शपथ ली

नई दिल्ली। दिल्ली के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को दिल्ली विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण किया।
नए सरकार के गठन के बाद विधानसभा के पहले सत्र की शुरूआत बुधवार को हुई है।

विधानसभा के अस्थाई अध्यक्ष कांग्रेस नेता मतीन अहमद ने केजरीवाल को शपथ दिलाई। केजरीवाल के बाद अन्य सदस्यों ने भी शपथ ग्रहण किया।

अरविंद केजरीवाल आज खराब तबीयत के बावजूद विधानसभा पहुंचे और शपथ ली। केजरीवाल शपथ लेने के बाद विपक्षी नेताओं से मिले और फिर विधानसभा से बाहर चले गए।

आम आदमी पार्टी की सरकार गुरूवार को सदन में बहुमत साबित करने का प्रयास करेगी। आप सरकार दो जनवरी को विश्वास मत हासिल करने का प्रयास करेगी।

विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव तीन जनवरी को होना है। उपराज्यपाल नजीब जंग छह जनवरी को सदन को संबोधित करेंगे और सात जनवरी को जंग के अभिभाषण पर चर्चा होगी।

नए साल पर झटका, सिलेण्डर हुआ महंगा

जयपुर। राजधानी में गैर सब्सिडी-कॉमर्शियल सिलेण्डर के भरोसे काम चलाने वाले उपभोक्ताओं को तेल कम्पनियों ने नए साल पर बड़ा झटका दिया है।
कम्पनियों ने मासिक समीक्षा बैठक के बाद मंगलवार रात गैर सब्सिडी श्रेणी के सिलेण्डर के दामों में जहां 207.5 रूपए की बढ़ोतरी की है, वहीं कॉमर्शियल सिलेण्डर के दाम भी 384 रूपए बढ़ाए हैं। इसके साथ ही ऑटो एलपीजी के दाम भी 10.65 रूपए बढ़ाए गए हैं।

तेल कम्पनियों के राज्य स्तरीय समयन्वय गुरूमीत सिंह के अनुसार अब बाजार में गैर सब्सिडी श्रेणी का सिलेण्डर 990 रूपए के बजाय 1197.5 रूपए में उपलब्ध होगा।

इसी तरह कॉमर्शियल सिलेण्डर 1794 रूपए से बढ़ाकर 2178 रूपए किया गया है। उपभोक्ताओं को ऑटो एलपीजी अब 52.05 के बजाए 62.70 रूपए लीटर में मिलेगी।

नए साल में खोला नौकरियां का पिटारा

सीकर। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने बेरोजगारों को नए वर्ष में नौकरी का पिटारा खोल दिया है। मंगलवार को आरपीएससी ने भर्तियों का कैलेण्डर जारी कर दिया है। सबसे ज्यादा भर्ती शिक्षा विभाग में होनी है।
आयोग के सचिव ने बताया कि इस कैलेण्डर में और नई भर्ती जुड़ने की संभावना है। प्रस्तावित कैलेण्डर के अनुसार वर्ष 2014 में 31 हजार 482 पदों पर परीक्षा होनी है। सबसे ज्यादा परीक्षाएं जून व जुलाई महीने में होनी है

जून महीने के पहले सप्ताह में कनिष्ठ विधि अधिकारी परीक्षा होगी। अगले सप्ताह में सहायक खनिज अभियंता, पीटीआई ग्रेड द्वितीय व तृतीय की परीक्षा होगी। इस महीने के अंतिम सप्ताह में आरएएस मुख्य परीक्षा 2013 होगी।

आरएएस प्री परीक्षा 2014 जुलाई के पहले सप्ताह में होगी। हालांकि अभी पदों की संख्या तय नहीं है। जबकि मुख्य परीक्षा दिसम्बर के आखिरी सप्ताह में होने की उम्मीद है।

स्कूल प्राध्यापक गे्रेड प्रथम की 2127 पदों पर होने वाली भर्ती की परीक्षा अप्रेल व मई महीने में होगी। यह परीक्षा 24 विषय अध्यापकों के लिए होगी।

सैकण्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती 21 से
आरपीएससी ने सैकण्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती का परीक्षा कार्यक्रम मंगलवार को घोषित कर दिया है। परीक्षाएं 21 से 25 फरवरी के बीच होगी। इस संबंध में आरपीएससी ने सूचना जारी कर दी है। आयोग के सचिव घनश्याम टिलवानी ने बताया कि 21 फरवरी को सामान्य ज्ञान व विज्ञान विषय की सुबह दस से बारह बजे तक परीक्षा होगी।

इसके बाद विषयों की परीक्षा दो पारियों में होगी। 22 फरवरी को पहली पारी में सुबह नौ से साढ़े ग्यारह बजे तक संस्कृत व दो से साढ़े चार बजे तक विज्ञान विषय की परीक्षा होगी।

23 फरवरी को पहली पारी में सामाजिक विज्ञान व दूसरी पारी में हिन्दी विषय की परीक्षा होगी। 24 फरवरी को पहली पारी में अंग्रेजी व दूसरी पारी में गणित एवं 25 फरवरी को पहली पारी में उर्दू और दूसरी पारी में पंजाबी-गुजराती विषय की परीक्षा होनी है।

सेंटर निर्घारण का काम जल्द
जिला प्रशासन ने जनवरी में होने वाली लिपिक ग्रेड सैकण्ड परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली है। एडीएम कुंजमोहन शर्मा ने बताया कि जल्द ही सैकण्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती के लिए भी जल्द सेंटरों का निर्घारण कर लिया जाएगा।