मंगलवार, 1 जनवरी 2013

छेड़छाड़ पर करें 7891091111 पर कॉल

छेड़छाड़ पर करें 7891091111 पर कॉल
जयपुर। राजस्थान में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और छेड़छाड़ की घटनों पर रोकधाम के लिए "ऑपरेशन गरिमा" फिर से शुरू किया जा रहा है। करीब 8 साल पहले शुरू हुआ यह ऑपरेशन मंगलवार को जयपुर जिला कलेक्ट्रेट में फिर शुरू होगा। इसके तहत एक टेलीफोन हैल्पलाइन और ईमेल सपोर्ट सिस्टम भी बनाया गया है। इनके जरिए महिलाएं अपने साथ हुई किसी भी दुव्यर्वहार की शिकायत कर सकेंगी।

गौरतलब है कि वनस्थली विद्यापीठ में दुव्यर्वहार का मामला सामने आने के बाद से बंद पड़े ऑपरेशन गरिमा को फिर से शुरू किए जाने की मांग उठ रही थी। महिला आयोग,महिला संगठन,छात्र नेताओं और लड़कियों-वकीलों के साथ मीडिया ने भी इसके लिए आवाज उठाई थी। इसके परिणाम स्वरूप जिला प्रशासन ने अब एडीएम को प्रभारी अधिकारी बनाने के साथ चार अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया है।

मदद चाहिए तो 7891091111 पर कॉल करें


मंगलवार को दोपहर तीन बजे ऑपरेशन गरिमा फिर से शुरू होगा और इसका उद्घाटन जिला कलेक्ट्रेट में होगा। नियंत्रण कक्ष में गरिमा हैल्पलाइन के लिए डेडिकेटेड हैल्पलाइन नम्बर 7891091111 शुरू किया गया है। जहां 24 घंटे फ ोन या एसएमएस कर या "गरिमा.हैल्पलाइन एट जीमेल डॉट कॉम" पर ईमेल कर पीडिताएं शिकायत कर सकती हैं।

8 साल पहले हुई शुरूआत

गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने 2004 में ऑपरेशन गरिमा चलाया था। तत्कालीन जिला कलेक्टर सुधांश पंत ने इसे चालू करते हुए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किए थे। स्कू ल और कॉलेज के बाहर शिकायती बॉक्स रखे थे। जहां पर लड़किया बेहिचक अपनी शिकायत दर्ज करा सकती थी,जिन्हें प्रशासन तत्काल कार्रवाई के लिए थानाधिकारी को सौंपता था। इसकी रपट थानाधिकारी को जिला कलेक्टर को देनी होती थी।

रोजाना रपट तैयार होगी: कलेक्टर

जिला कलेक्टर टी रविकांत ने कहा है कि कामकाजी महिला और छात्राओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए हेल्पलाइन शुरू की है। प्रभावी मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। यहां पर कार्रवाई के बाद प्रतिदिन की रपट तैयार की जाएगी।

सराहनीय पहल: लाडकुमारी

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष लाडकुमारी जैन ने कहा है कि हम शिक्षा,गृह,समाज कल्याण विभाग के प्रमुख शासन सचिव सहित पुलिस के अधिकारियों के साथ इसी सप्ताह मीटिंग करेंगे। प्रशासन की यह पहल सराहनीय है।

शव के टुकड़े किए और खा गए मजदूर

शव के टुकड़े किए और खा गए मजदूर

डिब्रूगढ़। असम के तिनसुकिया में चाय बागान के मालिक मृदुल कुमार भट्टाचार्य की हत्या में शामिल एक आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि भट्टाचार्य के बंगले को आग के हवाले करने से पहले उनके शव के टुकड़े-टुकड़े किए गए थे। बाद में पांच आरोपियों ने उन टुकड़ों को खा लिया था।

गौरतलब है कि 24 मजदूरों ने भट्टाचार्य को बंगले को आग के हवाले कर दिया था। उन्होंने भट्टाचार्य और उसकी पत्नी रीटा की हत्या कर दी थी। रविवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी संतोष कुमार धान ने पुलिस को बताया कि मांस को खाने के बाद हमलावरों ने उल्टियां कर दी थी।

भट्टाचार्य की पत्नी के सिर पर हमला किया गया था,जिससे उसकी मौत हो गई थी। बाद में हमलावार भट्टाचार्य के स्टोर रूम में गए। स्टोरकीपर से जबरन चाबी ली। स्टोर रूम से पेट्रोल के कैन लिए और बंगले को आग लगा दी। बंगले को आग लगाने से पहले भट्टाचार्य और उनकी पत्नी के शवों को घर में फेंक दिया था।

सोमवार को पुलिस की ओर से आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में धान ने ये खुलासे किए। प्रेस कांफ्रेंस में एडिशनल एसपी नुमल महाता और सब डिविजनल पुलिस ऑफिसर सिलादित्य चेतिया मौजूद थे। धान ने बताया कि वह भट्टाचार्य के तिनसुकिया स्थित चाय बागान में काम करता था। किसी बात को लेकर उसका भट्टाचार्य से विवाद हो गया था।

भट्टाचार्य ने पांच साल पहले उसे चाय बागान से निकाल दिया था। अन्य आरोपी दूसरे चाय बागानों में काम करते थे। तिनसुकिया के डीएसपी पृथीपाल सिंह ने बताया कि यह प्री प्लान मर्डर था। हत्या में शामिल 15 आरोपियों की पहचान कर ली गई है। मुख्य आरोपी गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य दो आरोपी सरकारी गवाह बनने के लिए तैयार हो गए हैं। अन्य 13 आरोपी फरार हैं। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पति को शराब लाने भेज,पत्नी से रेप

पति को शराब लाने भेज,पत्नी से रेप

जयपुर/कानोता। कानोता थाना इलाके में बीती देर रात विवाहिता के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पीडिता का मेडिकल मुआयना कराया है। आरोपियों की तलाश जारी है। कानोता थाना इलाके के गांव सुमेल निवासी प्रकाश मीणा के घर पर किराए पर एक दंपती रहता है।

यहां पर प्रकाश का साला गांव हरबल निवासी रोहिताश मीणा आता रहता था। बीते दिन रविवार की शाम को रोहिताश अपने जीजा प्रकाश के घर पर आया। यहां उसने अपने भांजे महेन्द्र को पीडिता के पति को शराब लाने के बहाने घर से बाहर भेज दिया। इसके बाद रोहिताश ने विवाहिता से मारपीट कर दुष्कर्म किया। करीब एक घंटे बाद जब पीडिता का पति अपने घर पहुंचा तो उसने रोहिताश को भागते हुए देखा। इसके बाद जब कमरे में जाकर उसने देखा तो पीडिता जख्मी हालत में पड़ी मिली।

फोन पर मिली धमकी
दुष्कर्म की जानकारी होने पर पीडिता के पति ने रोहिताश के घर पर फोन करते हुए घटना बाबत बताया। इस पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दे डाली और मामले में चुप रहने को कहा। इसके बाद पीडिता व उसका पति मकान को छोड़कर जयपुर स्थित अपने एक रिश्तेदार के यहां आ गए।

यहां पीडिता ने अपने आप-बीती रिश्तेदारों की सुनाई तो उन्होंने घटना के संबंध में मामला दर्ज कराने को कहा। इसके बाद बीती देर रात को पीडिता व उसका पति कोनाता थाने पहुंचे को घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी युवक गांव हरबल निवासी रोहिताश को पकड़ने का प्रयास भी किया,लेकिन कोई जानकारी नहीं हो सकी।

दुष्कर्मियों को फांसी देने के खिलाफ हैं खाप पंचायत

Khap Panchayats oppose death penalty for rape convicts

हिसार। भारत में अपने तालिबानी तर्ज पर फरमान जारी करने वाली खाप पंचायत ने अब गैंगरेप के दोषियों को फांसी की सजा दिलवाए जाने का विरोध किया है। केंद्र सरकार द्वारा इस घटना के आरोपियों को कोर्ट में फांसी देने की मांग करने पर पंचायत ने नाराजगी जाहिर की है।

हिसार में हुई खाप पंचायत में कहा गया कि सरकार जल्दबाजी में कोई भी ऐसा कानून न बनाए जिसका दुरुपयोग होने की संभावना हो। खाप नेता सूबे सिंह ने यहां के एक गांव में कहा कि अधिकारियों को गैंगरेप के मामले पर जारी जन विरोधों और इसके आरोपियों के लिए मौत की सजा की मांग को देखते हुए भावनाओं में नहीं बहना चाहिए। उनका कहना है कि हमने दहेज विरोधी कानून और एससी-एसटी कानून का दुरुपयोग होते देखा है। ऐसा कोई कानून जो ऐसी कड़ी सजा देता हो, उसका दुरुपयोग होने की भी संभावना ज्यादा है। खाप नेता के बयान की प्रदर्शनकारियों ने आलोचना की और इसे हरियाणा के मामलों में दुष्कर्मियों को बचाने की कोशिश बताया।

ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक वुमेंस ऐसोसिएशन की महासचिव जगमती संगवान ने कहा कि हरियाणा में 20 गैंगरेप हुए हैं जिनमें कई लोग शामिल हैं। खाप पंचायतें उन लोगों को बचाने की कोशिश कर रही हैं। इस समर्थन से महिलाओं के प्रति अनादर को और बढ़ावा मिलेगा।

हिलेरी के दिमाग में जमा खून का थक्‍का, शावेज की भी हालत नाजुक



वॉशिंगटन. अमेरिकी विदेशमंत्री हिलेरी क्लिंटन के मस्तिष्क में खून का थक्का जमा होने का पता चला है। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे दिसंबर में अचानक गिर कर बेहोश हो गई थीं। उसके बाद उनकी जांच की गई थी। वे 65 साल की हैं।
शुरू में बताया गया था कि उनके पेट में वायरस था और पानी की कमी के कारण ऐसा हुआ। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने ताजा बयान जारी कर कहा है कि क्लिंटन के दाहिने कान के पीछे दिमाग और खोपड़ी के बीच एक नस में खून का थक्‍का जम गया है। हालांकि उनका इलाज कर रहे डॉक्‍टरों ने उम्‍मीद जताई है कि वह पूरी तरह स्‍वस्‍थ हो जाएंगी। वे कम से कम 48 घंटे न्यूयॉर्क के प्रेसबिटेरियन अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगीं।

अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला हिलेरी क्लिंटन को राष्ट्रपति बराक ओबामा अपने दूसरे कार्यकाल में विदेश मंत्री नहीं रखना चाहते। हिलेरी का कार्यकाल 20 जनवरी को खत्म हो रहा है। उन्होंने 2008 में राष्ट्रपति चुनाव के लिए डेमोक्रेट पार्टी का टिकट हासिल करने की कोशिश की थी। लेकिन ओबामा से हार गई थीं। तब ओबामा ने उन्हें विदेश मंत्री बनाया था। जनवरी में हिलेरी को संसद में बेनगाजी में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर हमले पर साक्ष्य देना है।

शावेज की भी हालत नाजुक


वेनेजुएला के राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज की हालत नाजुक हो गई है। वे कैंसर से जूझ रहे हैं। उपराष्ट्रपति निकोलस
मादुरो ने शावेज से मिलने के बाद एक संदेश में यह जानकारी दी। मादुरो ने बताया कि ऑपरेशन के बाद से शावेज की स्थिति नाजुक है। शावेज का इलाज क्यूबा में चल रहा है। उनका 11 दिसंबर को चौथा ऑपरेशन किया गया था। उसके बाद से उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही है और संक्रमण बढ़ रहा है। शावेज 1999 से सत्ता में हैं। गत अक्टूबर में उन्होंने एक और कार्यकाल के लिए चुनाव जीता है।

बम से उड़ाना चाहते थे रामसिंह का घर

बम से उड़ाना चाहते थे रामसिंह का घर
नई दिल्ली। सोमवार शाम दिल्ली के आरके पुरम क्षेत्र के रविदास झुग्गी बस्ती में उस वक्त सनसनी फैल गई,जब तीन युवकों ने सामूहिक गैंग रेप की बहुचर्चित घटना के मुख्य अभियुक्त रामसिंह के घर को बम से उड़ाने की धमकी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इनमें से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसके पास से दो देसी बम बरामद हुए है। उल्लेखनीय है कि रामसिंह 16 दिसम्बर को चलती बस में हुई गैंग रेप की घटना का मुख्य अभियुक्त है और पूरे देश में अभियुक्तों को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग के साथ प्रदर्शन जारी है।

दिल्ली पुलिस को सोमवार शाम करीब छह बजे जानकारी मिली कि तीन युवक रामसिंह के घर के इर्द-गिर्द घूम रहे हैं और उन्होंने घर को बम से उड़ाने की धमकी दी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब पड़ोसियों ने उनसे पूछा कि वे यहां क्या कर रहे हैं,तो उन्होंने जवाब दिया कि वे यहां रामसिंह का घर बम से उड़ाने के लिए आए हैं। इनमें से एक को भीड़ ने पकड़ लिया,जबकि अन्य दो वहां से भागने में कामयाब रहे। पकड़े गए युवक से पूछताछ जारी है।

"आत्ममुखी बनने का प्रयास करें"

"आत्ममुखी बनने का प्रयास करें"
बाड़मेर। आचार्य महाश्रमण ने कहा कि आदमी रक्षा का प्रयास करता है। राष्ट्र की रक्षा का भी प्रयास होता है। देश की सीमाओं पर जागरूकता रखी जाती है ताकि राष्ट्र को खतरा उत्पन्न नहीं हो। अपने देश की रक्षा करना अपेक्षित होता है। शरीर को भी सुरक्षित रखने का प्रयास होता है। प्रतिकूलता से शरीर को बचाने का प्रयास होता है। आत्मा की सुरक्षा का भी प्रयास होना चाहिए। आदमी आत्ममुखी बनने का प्रयास करें।

आचार्य ने जैन एकता के मानक विषय पर कहा कि व्यक्ति में विद्वेष्ा का भाव नहीं रहना चाहिए। उसमें पवित्र सौहार्द का भाव रहे। उन्होंने कहा कि जैन पंचाग ऎसा हो जो सर्वमान्य हो। एक पंचाग तय कर दो, उसमें तिथियां आदि समान रहे तो कुछ एकता बन सकती है। इससे सम्वत्सरी मनाने की भिन्नता भी समाप्त हो सकती है। सौहार्द का आधार स्वार्थ होने पर वह कल्याणकारी नहीं हो सकता। सौहार्द के पीछे किसी की कमजोरी को छिपाना नहीं चाहिए। वास्तव में सौहार्द है तो एक-दूसरे की कमजोरियों को बताएं तथा कमजोरी बताने पर सकारात्मक भाव रखें। एक-दूसरे की कमजोरियों की ओर इंगित करके एक-दूसरे के कल्याण में सहभागी बने।

साध्वीप्रमुखा कनकप्रभा ने कहा कि भारत ऎसा देश है जो अपनी आध्यात्मिक व सांस्कृतिक श्रेष्ठताओं से प्रसिद्घ है। भारत में सभी धर्म के लोग अपनी आस्था के अनुसार आराधना कर सकते हैं। जैन धर्म के अनेकांत के सिद्घांत में भिन्नता में एकता की बात कही गई है। जैन धर्म के भगवान एक है, मंत्र भी एक है।

उन्होंने कहा कि सभी जैन सम्प्रदाय एक दूसरे से सीखने का प्रयास करें। मंत्री मुनि सुमेरमल ने कहा कि एकता में ताकत होती है, सामथ्र्य होता है। आवाज एक होती है तो उसकी ताकत अलग ही होती है। संस्था व समाज में एकता का क्रम बना रहना चाहिए। मुनि रजनीश कुमार ने गीत का संगान किया। इस दौरान आचार्य ने मूलचन्द बोथरा बीकानेर, के पुत्र सुरेन्द्र बोथरा और पुखराज परमारको शासनसेवी सम्बोधन से अलंकृत किया।

विराट व्यक्तित्व के धनी आचार्य महाश्रमण
बालोतरा. आचार्य महाश्रमण विराट व्यक्तित्व के धनी और सिद्ध पुरूष है। साधना से जीवन में तेजस्विता आती है। मुनि मदन कुमार ने सोमवार को ओसवाल भवन जसोल में 2012 के सिद्ध चातुर्मास उपलक्ष्य में आयोजित भाषण माला कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि करूणा व वत्सलता में चुम्बकीय शक्ति होती है।

चौबीसी के संगान से मंगलकारी प्रकपन पैदा होते हैं। मुनि पृथ्वीराज ने कहा कि पुण्यशाली के पग पग पर निधान होता है। आचार्य महाश्रमण की पुण्यवत्ता प्रबल है। कार्यक्रम संयोजक गौतमचंद सालेचा, महामंत्री शांतिलाल भंसाली, भंवरलाल भंसाली, शंकरलाल ढेलडिया, सुरेन्द्र कुमार सालेचा, गौतमचंद भंसाली, पुष्पादेवी बुरड़ ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन कांतिलाल ढेलडिया ने किया।

सड़क हादसे में चार जिंदा जले

सड़क हादसे में चार जिंदा जले

हलैना (भरतपुर)। यहां खेड़ली मोड़ से पथैना मार्ग पर सोमवार रात करीब 10:30 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार की भिड़ंत हो गई। इससे कार में लगी आग से चार जने जिंदा जल गए।

मृतकों में चेतन शर्मा,भागचंद अग्रवाल और उसका पुत्र नत्थी खेड़ली के हैं, वहीं घनश्याम ठाकुर खेड़ली रेल का है। एसपी अंशुमन भौमिया ने बताया कि यह दुर्घटना भुसावर थाना क्षेत्र में गांव हिंगौटा से करीब एक किमी दूर हुई। दुर्घटना के दौरान कार ने तुरंत आग पकड़ ली। आग इस कदर थी कि गाड़ी में मृतकों की हडि्डयां शेष बची।

48 आरएएस प्रमोट,बन गए आईएएस

48 आरएएस प्रमोट,बन गए आईएएस

जयपुर। राज्य के 48 आरएएस के लिए वर्ष 2012 जाते-जाते बहुत बड़ी खुशी दे गया। इनको आईएएस पदोन्नत कर दिया गया है। पिछले 17 साल से किसी भी आरएएस अधिकारी को आईएएस के रूप में पदोन्नति नहीं मिल पाई थी। 1995 के बाद से प्रक्रिया रूकी थी। 48 अधिकारियों के पदोन्नत होने से राज्य में आईएएस की कमी दूर होगी। कई जिलों में कलक्टर, विभागाध्यक्ष, निदेशक जैसे पदों पर आरएएस को लगाया गया था।

अंतिम दिन मिली खुशी
आरएएस से 1999 में आईएएस बने आर. के. जैन को कन्फर्मेशन 13 वर्ष बाद सोमवार को मिली। दरअसल 1999 के बाद आईएएस चयन बोर्ड की बैठक ही नहीं हो पाई। इस दौरान जैन आईएएस के रूप में काम करते रहे। जैन सोमवार को ही रिटायर हुए। आरएएस हेमन्त शेष और जी. एल. गुप्ता सोमवार शाम छह बजे रिटायर होने से पहले आईएएस बने।

ये हुए पदोन्नत
रमेश जैन, राम खिलाड़ी मीणा, श्रीराम मीणा, लालचंद असवाल, ए.के.भण्डारी, प्रमिला सुराणा, हंसा सिंह देव, हेमन्त शेष, गिरधारी लाल गुप्ता, सुनील धारीवाल, धर्मेन्द्र भटनागर, हनुमान भाटी, महावीर प्रसाद स्वामी, राजेश यादव, ए.के. सांवरिया, डी.आर.मीणा, अजय सिंह, एम.एस.काला, मांगी लाल खींची, श्रीराम चौरडिया, सुवा लाल, हनुमान मीणा, रघुवीर मीणा, बी.एल.नवल, नारायण लाल मीणा, वेद प्रकाश, सुमति लाल बोहरा, मूलचंद मीणा, अनिल चपलोत, विनोद अजमेरा, हनुमंत सिंह भाटी, निवेदिता मेहरू, श्रवण साहनी, बसंत कुमार दोषी, ओम प्रकाश यादव, ललित कुमार गुप्ता, मधुसूदन शर्मा, रतन लाल, एस.एस.पंवार, जे.सी.देसाई, रामनिवास, बी.एल.जाटावत, पी.आर.पंडत, एस.पी.बसवाल, के.सी.वर्मा, एस.एस.सोहता, विक्रम सिंह चौहान व रेखा गुप्ता।

हम मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रयासों के प्रति बेहद आभारी हैं। आरएएस काडर की वर्षो से चली आ रही आस आज पूरी हो गई।ज्ञानाराम, अध्यक्ष-आरएएस परिषद

21 आईएएस पदोन्नत
राज्य सरकार ने 21 आईएएस, 29 आईपीएस व 18 आईएफएस अधिकारियों को पदोन्नत किया है। इस बारे में कार्मिक विभाग ने सोमवार को आदेश जारी किए।

80 सहायक लोक अभियोजक पदोन्नत
प्रदेश के सहायक लोक अभियोजक (द्वितीय) स्तर के 80 अधिकारी सहायक लोक अभियोजक (प्रथम) के पदों पर पदोन्नत किए गए हैं। राजस्थान लोक सेवा आयोग के सदस्य ब्रह्मदत्त गुर्जर की अध्यक्षता में सोमवार को हुई डीपीसी की बैठक में इसका फैसला किया गया।

आईएएस
प्रमुख शासन सचिव स्तर से अतिरिक्त मुख्य सचिव : प्रमुख सचिव राजभवन ए. मुखोपाध्याय, प्रमुख नगरीय विकास सचिव जी. एस. संधु, प्रमुख सामान्य प्रशासन सचिव चन्द्रमोहन मीणा, प्रमुख उद्योग सचिव सुनील अरोड़ा, प्रमुख संस्कृत शिक्षा सचिव अशोक शेखर और प्रशासक राज्य कृषि विपणन बोर्ड तपेन्द्र कुमार। ये विभागों में ही अतिरिक्त मुख्य सचिव पद पर रहेंगे। केन्द्र में प्रतिनियुक्ति पर चल रहे श्याम एस. अग्रवाल को भी परफोर्मा बेसिस पर इसी ग्रेड में पदोन्नत किया गया है।

सुपर टाइम स्केल से अबॉव सुपर टाइम स्केल : सुबोध कुमार अग्रवाल, पवन कुमार अग्रवाल और मंजीत सिंह। सलेक्शन स्केल से सुपर टाइम स्केल में नवीन महाजन, हेमन्त कुमार गेरा व गायत्री ए. राठौड़, केन्द्र में प्रतिनियुक्ति पर तैनात रोहित कुमार, मंजू राजपाल और देवाशीष पृष्टी को परफोर्मा बेसिस पर पदोन्नति। रवि जैन, अम्बरीश कुमार, रवि कुमार सुरपुर और समित शर्मा को जूनियर एडमिनिस्ट्रेशन ग्रेड (जाग) में और कुमार पाल गौतम को जूनियर स्केल से सीनियर में पदोन्नत किया गया है।

आईपीएस
पुलिस महानिरीक्षक से अतिरिक्त महानिदेशक: जयपुर के पुलिस कमिश्नर बी.एल. सोनी और उत्कल रंजन साहू। केन्द्र में तैनात पंकज कुमार सिंह परफोर्मा बेसिस पर पदोन्नत हुए हैं।
उपमहानिरीक्षक से महानिरीक्षक: बीजू जॉर्ज जॉसफ, स्मिता श्रीवास्तव और जनार्दन शर्मा। केन्द्र में तैनात प्रशाखा माथुर और सुश्मित बिश्वास के अलावा सत्यप्रिया सिंह, भूपेन्द्र साहू, रूपिन्दर सिंह व बी. एल. मीणा को भी इसी श्रंखला में परफोर्मा बेसिस पर पदोन्नति।

सीनियर स्केल में: लता मनोज कुमार व उमेश चंद्र दत्ता।
जूनियर से सीनियर स्केल में: श्वेता धनखड़, प्रीति जैन, योगेश यादव, पंकज कुमार चौधरी और कुंवर राष्ट्रदीप। ये वर्तमान पद पर रहेंगे।

जूनियर एडमिनिस्ट्रेशन ग्रेड (जाग) में गौरव श्रीवास्तव, शरत कविराज, सी. संतोष कुमार तुकाराम, एस. परिमाला, ओमप्रकाश, के. बी. वन्दना, विकास कुमार, दीपक कुमार, राजेश मीणा और सवाई सिंह चौधरी को पदोन्नत किया गया है।

आईएफएस
अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक से प्रधान मुख्य वन संरक्षक की वेतन श्ृंखला में ए. सी. चौबे।
मुख्य वन संरक्षक से अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक: डॉ. सुरेश चंद्र, जी. वी. रेड्डी व के. सी. सकरवाल।
उप वन संरक्षक से वन संरक्षक: टी. सी. वर्मा, वी. एस. बोहरा और अजय गुप्ता।
जूनियर से सीनियर स्केल: मोहित कुमार निगम, हरिणी वी., सुनील कुमार, टी. मोहन राज, शशि शंकर व बालाजी करी। केन्द्र में तैनात बी. प्रवीण और टी. जे. कविता को परफोर्मा बेसिस पर पदोन्नत किया गया है।
जूनियर एडमिनिस्ट्रेशन ग्रेड (जाग) में शैलजा देवल, पी. कैथरविल और एस. आर. वेंकटेश्वर मूर्ति पदोन्नत।

परफोर्मा बेसिस पदोन्नति
इसे ऎसे समझा जा सकता है कि किसी बैच के अधिकारियों को पदोन्नत किया गया है, तो उसी बैच के केन्द्र में प्रतिनियुक्त अन्य अधिकारी को भी राज्य सरकार पदोन्नत करती है। केन्द्र सरकार भले ही उसे पदोन्नति दे या नहीं।

जूनियर एडमिनिस्ट्रेशन
यह एक तरह से इन्क्रीमेन्ट की तरह है। इसमें पद नहीं बदलता, लेकिन ग्रेड बदलती है।