वृंदावन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
वृंदावन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 19 मार्च 2017

कृष्‍ण की नगरी वृंदावन में बनने जा रहा है दुनिया का सबसे बड़ा मंदिर

कृष्‍ण की नगरी वृंदावन में बनने जा रहा है दुनिया का सबसे बड़ा मंदिर

चंद्रोदय मंदिर की गहराई बुर्ज खलीफा से भी अधि‍क है
कृष्‍ण की पावन नगरी मथुरा-वृंदावन दुनिया के हर कोने में मशहूर है और देश-विदेश से लाखों पर्यटक यहां घूमने आते हैं. कृष्‍ण की नगरी में वृंदावन में बनने जा रहा दुनिया का सबसे ऊंचा मंदिर और इसी के साथ यह दुनिया की सबसे ऊंची इमारत भी होगी. वृंदावन में बनने जा रहे इस मंदिर का नाम चंद्रोदय है, जोकि दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा और मुकेश अंबानी के एंटीलिया से भी ऊंचा बनाया जा रहा है.




बताया जा रहा है कि इस्कॉन संस्था द्वारा वृंदावन में बनाया जाने वाले इस 70 मंजिला चंद्रोदय मंदिर की ऊंचाई 210 मीटर होगी और य‍ह एक पिरामिड के आकार में बनाया जाएगा. इसे बनाने की तैयारियां 2006 से की जा रही थीं.




मंदिर की मजबूती का रखा जाएगा ध्‍यान

इस मंदिर की खास बात यह है कि इसकी केवल ऊंचाई ही नहीं बल्कि गहराई भी अधि‍क होगी, ताकि नींव भी उतनी ही मजबूत रहे. यह इमारत लगभग 55 मीटर गहरी होगी और इसका आधार 12 मीटर तक ऊंचा होगा, जबकि दुबई स्थि‍त दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा की गहराई मात्र 50 मीटर है. अत: चंद्रोदय मंदिर की गहराई बुर्ज खलीफा से भी 5 मीटर अधि‍क है.




भूकंपरोधी तकनी‍क का होगा इस्‍तेमाल

प्राकृतिक आपदा के लिहाज से भी इसे काफी मजबूत बनाया जा रहा है और 8 रिक्टर स्केल से अधिक तीव्रता का भूकंप भी इसे क्षति नहीं पहुंचा सकेगा. इसके अलावा इसमें प्रयोग किए जाने वाले कांच और अन्य सामान भी भूकंप रोधी होंगे. कुल 511 पिलर वाला यह मंदिर 9 लाख टन भार सहने की क्षमता वाला होगा और 170 किलोमीटर की तीव्रता के तूफान को भी झेलने में सक्षम होगा.









लिफ्ट की ये बात है खास

70 मंजिला इस इमारत के प्रारंभिक 3 तलों पर चैतन्य महाप्रभु और राधा, कृष्ण बलराम के मंदिर के अलावा अन्य तलों पर आगंतुकों के लिए गैलरी, टेलिस्कोप सुविधा और अन्य सुविधाएं होंगी जो आसपास के धर्मिक स्थलों से जुड़ने के लिए सहायक होंगी. इसमें लगाई जाने वाली लिफ्ट की तीव्रता 8 मीटर प्रति 2 सेकंड होगी, साथ ही इमारत के टेढ़ा होने पर भी यह सीधी ही चलेगी.




4डी से होंगे देवलोक के दर्शन

परंपरागत द्रविड़ और नगर शैली में बनाया जा रहा यह मंदिर, 200 सालों में अब तक का सबसे मॉडर्न मंदिर होगा, जिसमें 4डी तकनीक द्वारा देवलोक और देवलीलाओं के दर्शन भी किए जा सकेंगे. इतना ही नहीं, इस मंदिर के आसपास प्राकृतिक वनों का वातावरण तैयार किया जाएगा और यमुना जी का प्रतिरूप तैयार कर नौका विहार जैसी सुविधाएं भी होंगी. इसके अलावा इसमें श्रीकृष्ण के जीवन लीलाओं को जानने के लिए लाइब्रेरी तथा अन्य माध्यम भी होंगे.




2022 में पूरा होगा निर्माण

10 एकड़ में अंडरग्राउंड पार्किंग के अलावा सड़क निर्माण और अन्य सुविधाओं को मिलाकर इसके निर्माण में कुल 500 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इस मंदिर का निर्माण 2022 तक पूरा होगा और भारत में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत, वृंदावन स्थित चंद्रोदय मंदिर के रूप जानी जाएगी.

2014 में यूपी के मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मंदिर का शिलान्‍यास किया था और इस मौके पर हेमा मालिनी ने नींव पूजन किया था.

रविवार, 8 जून 2014

वृंदावन का सुप्रसिद्ध श्रीरंगजी मंदिर



मथुरा-वृंदावन मंदिरों के नगर है। यहां पर प्रत्येक गली और घर-घर में मंदिर है। इनमें श्रीबांके बिहारी जी एवं श्रीरंगजी के मंदिर प्रमुख है।

 
 मथुरा-वृंदावन पर विदेशियों के आक्रमण बार-बार हुए। प्राचीन काल में हूण, शक आदि जातियां इसे नष्ट करती रहीं। तीन बार यवनों ने इस पुनीत तीर्थ को ध्वस्त किया। इसी का परिणाम है कि यहां प्राचीन मंदिर नहीं रह गए।

महिमा वृंदावन की

वृंदावन की महिमा न्यारी है। इसकी पवित्र भूमि एवं गोप बालाओं के लोकोलर प्रेम का वर्णन करते हुए कृष्ण सखा श्री उद्धव कहते है-

'इस पृथ्वी पर केवल इन गोपियों का ही शरीर धारण करना श्रेष्ठ एवं सफल है क्योंकि वृंदावन की ये गोप-बालाएं सर्वात्मा भगवानं श्रीकृष्ण के परम प्रेममय दिव्य महाभाव में स्थित हो गई है। प्रेम की यह ऊंची से ऊंची स्थिति संसार के भय से त्रस्त मोक्ष की अभिलाषियों के लिए ही नहीं, अपितु बड़े-बड़े मुनियों तथा भक्तजनों के लिए भी वांछनीय है। भगवान श्रीकृष्ण की कथा के श्रवण में जिन व्यक्तियों का मन रम जाता है, उनके लिए यज्ञ, तपस्या आदि की क्या आवश्यकता है? यदि किसी व्यक्ति को भगवान की कथा रस नहीं मिला तो उसे अनेक कल्पों तक ब्रह्मा होने से भी क्या लाभ?'

वृंदा देवी की तपोभूमि

ब्रह्म-वैवर्त-पुराण में कथा है कि सतयुग में महाराज केदार की पुत्री वृंदा ने श्रीकृष्ण को पति रूप में पाने के लिए इस भूमि पर दीर्घकाल तक तपस्या की थी। भगवान श्री श्याम सुंदर ने प्रसन्न होकर उसे दर्शन दिया। वृंदा की पावन तपोभूमि होने के कारण इसे वृंदावन कहा जाता है। श्रीराधा-कृष्ण की निकुंज-लीलाओं की प्रधान रंगस्थली वृंदावन ही है। इस भूमि की अधिष्ठात्री देवी वृंदा देवी है, इसलिए भी इसे वृंदावन कहते है।

अद्भुत शिल्प से निर्मित मंदिर

ऐसी पवित्र भूमि पर स्थित श्रीरंगजी का मंदिर, दक्षिण भारतीय शैली से विनिर्मित है। श्रीरामानुज संप्रदाय का यह विशाल एवं भव्य मंदिर देश-विदेश से आए हुए तीर्थ यात्रियों का प्रमुख आकर्षक केंद्र बना हुआ है। प्राप्त विवरण के अनुसार संत श्रीरंग देशिक ने वृंदावन धाम में श्रीरंग दिव्यदेश अर्थात श्रीरंग मंदिर की प्रतिष्ठा की थी। वृंदावन का श्रीरंगजी मंदिर अपने स्थापत्य एवं शिल्प के लिए अद्भुत है। इस मंदिर के उत्सवों में से पौष का ब्रह्मोत्सव तथा चैत्र का वैकुंठोत्सव मुख्य है। श्रीरंगजी के मंदिर के सम्मुख श्री गोविंददेव जी का प्राचीन मंदिर है। यह मंदिर संत व्रज नाभ द्वारा स्थापित है। यवन उपद्रव के समय यह मूर्ति यहां के शासकों द्वारा जयपुर भेजी गई थी और आज भी वहां के राजमहल में विराजमान है।

प्रचलित कथा

श्रीरंगजी के मंदिर के पीछे ज्ञानगूदड़ी स्थान है। यह विरक्त महात्माओं की भजन स्थली है। अब यहां पर एक श्रीराम मंदिर है। कहते है कि उद्धव जी का गोपियों के साथ संवाद यहीं हुआ था। मूल श्रीरंग मंदिर के संबंध में कथा प्रचलित है कि दक्षिण भारत के इस मंदिर में प्रतिष्ठापित श्रीरंगनाथ की मूर्ति विष्णु भगवान ने पहले ब्रह्मा को दी थी। राजा इक्ष्वाकु ने कठोर तप करके ब्रह्मा जी से इसे प्राप्त किया था और अयोध्या में स्थापित किया था। राज्याभिषेक के समय जब श्रीराम सबको मुंहमांगी वस्तु प्रदान कर रहे थे, तो विभीषण ने उनसे श्रीरंग की मूर्ति मांगकर, लंका में उसकी स्थापना के उद्देश्य से उसे अपने साथ ले जाने लगे। मार्ग में विभीषण ने अपने विमान को कावेरी के द्वीप में उतारा। देवता नहीं चाहते थे कि यह मूर्ति लंका चली जाए। विभीषण ने यहां से मूर्ति को ले जाने का यत्न किया तो वह उसे उठा न सके। इस पर श्रीरंग ने कहा कि राजा इक्ष्वाकु ने मुझे पाने के लिए कठोर तप किया है। तुम यहीं आकर मेरा दर्शन किया करो। मैं लंका की ओर मुख करके यहीं रहूंगा।

कालांतर में श्रीरामानुज संप्रदाय की परंपरा में दीक्षित संत श्रीरंग देशिक ने वृंदावन में श्रीरंगमंदिर की प्रतिष्ठाना की। यह पवित्र देव स्थल भारत की अक्षुण्ण एवं सनातन धार्मिक-परंपरा के निर्बाध-प्रवाह की सतत याद दिलाता है।