रविवार, 15 जनवरी 2017

रोहतक।महिला पुलिसकर्मियों से मनचलों ने की छेड़छाड़, बोले- 'तुम बहुत सुंदर हो, पुलिस जैसे गंदे विभाग में कैसे आ गई'



रोहतक।महिला पुलिसकर्मियों से मनचलों ने की छेड़छाड़, बोले- 'तुम बहुत सुंदर हो, पुलिस जैसे गंदे विभाग में कैसे आ गई'
महिला पुलिसकर्मियों से मनचलों ने की छेड़छाड़, बोले- 'तुम बहुत सुंदर हो, पुलिस जैसे गंदे विभाग में कैसे आ गई'

महिलाओं की हिफाज़त और मनचलों को सबक सिखाने के मकसद से पुलिस महकमें में भर्ती महिला पुलिसकर्मी ही जब किसी तरह की छेड़खानी की शिकार हो जाएँ तो इसे क्या कहेंगे। जी हां, रोहतक में एक ऐसा ही अनूठा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है।

यहां ड्यूटी पर तैनात कुछ महिला पुलिसकर्मियों को मनचलों की छेड़खानी का शिकार होना पड़ गया। मामला इतना बढ़ गया कि पीड़ित महिला पुलिसकर्मियों को मनचले युवकों के खिलाफ पुलिस थाने पर एफआईआर दर्ज करवानी पड़ गई।
जानकारी के मुताबिक़ महिला पुलिसकर्मियों की एक टोली को यहां चल रहे राष्ट्रीय युवा महोत्सव में पहुंचे मेहमानों की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया था। लेकिन इसी दौरान इन्हें चार मनचले युवकों की छेड़छाड़ का सामना करना पड़ गया।

महिला पुलिसकर्मियों ने इसका विरोध किया तो मनचले युवक मौक़ा देखकर वहां से भाग छूटे। लेकिन जाने से पहले महिला कर्मियों को देख लेने की धमकी भी दे गए।

पुलिस के मुताबिक़ महिला पुलिसकर्मियों का एक दल गुरुग्राम से राष्ट्रीय युवा महोत्सव के लिए रोहतक भेजा गया था। इन महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी अंडमान निकोबार के मेहमानों की सुरक्षा में लगाई गई थी।

ये सभी मेहमानों को एक कार्यक्रम में लेजाने के लिए उनका पार्किंग में खड़ी बस के पास इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान वहां चार मनचले युवक पहुंचे और महिला पुलिसकर्मियों से छेड़छाड़ शुरू कर दी।

पीड़ित महिला पुलिसकर्मियों ने रिपोर्ट में कहा है कि आरोपियों ने छेड़छाड़ करते हुए भद्दे कमेंट भी किये। युवकों ने कहा कि तुम बहुत सुंदर हो, पुलिस जैसे गंदे विभाग में कैसे आ गई।

इसपर उन्होंने विरोध जताया तो चारों युवक उसे हत्या की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। बाद में महिला पुलिसकर्मी ने अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।

इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार भी किया। पुलिस के मुताबिक़ गिरफ्त में आया युवक महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) में एलएलबी का छात्र है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें