रविवार, 30 अगस्त 2015

रावतसर.दाह संस्कार को लेकर दो समुदायों में तनाव

रावतसर.दाह संस्कार को लेकर दो समुदायों में तनाव


रावतसर. गांव पोहड़का में शनिवार को दाह संस्कार की जगह को लेकर दो समुदायों में तनाव पैदा हो गया। समझाइश के बावजूद दोनों पक्ष नहीं माने और लाठी-भाटा जंग शुरू कर दी। इसमें दोनों पक्षों के चार जने घायल हो गए। कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। शाम को समझाइश से महिला की अंत्येष्टि करवा दी गई। गांव में भारी संख्या में पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। वहां तनावपूर्ण शांति है। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के प्रमुख लोगों के साथ वार्ता जारी है।
घटनाक्रम के अनुसार गांव के ओमप्रकाश मेघवाल की पत्नी कांता देवी की शुक्रवार मृत्यु हो गई। उसके अंतिम संस्कार के दौरान शनिवार को जगह को लेकर विवाद हो गया। एक पक्ष ने जहां दाह संस्कार वाली जगह को श्मशान भूमि बताया। जबकि दूसरे समुदाय के लोगों का कहना था कि उक्त भूमि कब्रिस्तान की है। विवाद बढऩे पर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। दोनों पक्षों में तनाव के बीच कुछ लोगों ने गाली-गलौच कर दी। थोड़ी ही देर में दोनों तरफ से लाठी-भाटा चलने लगे। इसमें चार जने घायल हो गए।
लगभग डेढ़ घंटे बाद हनुमानगढ़ से पुलिस अधीक्षक गौरव यादव भारी पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पहुंचे। हालात का निरीक्षण कर दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत की। इसके बाद दोनों तरफ के प्रमुख व्यक्तियों से एक साथ वार्ता शुरू की। यद्यपि वार्ता के बाद महिला का दाह संस्कार तो शाम करवा दिया गया। मगर तनाव कम नहीं हुआ। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। इसमें दस-बारह लोग घायल हो गए। उनको रावतसर सीएचसी लाया गया। यहां विधायक द्रौपदी मेघवाल व पूर्व विधायक धर्मेन्द्र मोची ने मौके पर पहुंच समझाइश का प्रयास किया। गांव में देर शाम तक पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी व भारी जाब्ता तैनात था।
दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि गांव में एक ही जगह पर श्मशान व कब्रिस्तान है। इसके सीमांकन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद है। इस संबंध में न्यायालय में भी मामला विचाराधीन है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें