रविवार, 17 मई 2015

नई दिल्ली एनकाउंटर: पत्नी ने मुठभेड़ को बताया फर्जी, पीएम से न्याय की गुहार



नई दिल्ली एनकाउंटर:  पत्नी ने मुठभेड़ को बताया फर्जी, पीएम से न्याय की गुहार


दिल्ली के एक रेस्तरां में किए गए मनोज कुमार वशिष्ठ के एनकाउंटर में एक नया मोड़ आ गया है। इस एनकाउंटर पर सवाल उठने लगे हैं कि यह एनकाउंटर फर्जी था।

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के रहने वाले मनोज के कई नेताओं के साथ अच्छे संबंध होने की बात भी सामने आई है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बीजेपी नेता केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ भी मनोज के फोटो सामने आए हैं।

पेशे से व्यापारी मनोज के बारे में ये बातें सामने आईं हैं कि जिले में उनकी छवि एक अच्छे समाजसेवक के रूप में थी। वहीं, पत्नी ने दिल्ली पुलिस पर यह आरोप लगाया है कि पुलिस ने उसके पति को पकड़कर गोली मारी। लेकिन दिल्ली पुलिस का कहना है कि सब कुछ दस सेकंड के अंदर हुआ।

बता दें कि शनिवार की रात दिल्ली के न्यू राजेंद्र नगर में मनोज को एक रेस्तरां में पुलिस ने इनामी बदमाश बता कर मार गिराया था। मनोज की पत्नी प्रियंका ने दिल्ली पुलिस के इस एनकाउंटर को फर्जी ठहराया है।

मृतक मनोज की पत्नी ने पीएम से न्यायिक जांच की मांग की है। बागपत के पाबला गांव के रहने वाले मनोज वशिष्ठ करीब 10 साल से दिल्ली में रह रहे थे। मनोज की पत्नी प्रियंका ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने मेरे पति की हत्या कर दी। उनके खिलाफ सिर्फ ठगी के मामले दर्ज हैं। वह कोई बड़े अपराधी नहीं थे, वह कोई आतंकवादी नहीं थे।

वहीं बागपत के लोगों का कहना है कि दिल्ली मेंं रहने के बावजूद मनोज जिले में आकर राजनीतिक गतिविधियों के साथ ही समाजसेवा करने में वह अपनी रुचि दिखाते थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें