रविवार, 24 मई 2015

मैनपुरी सामूहिक बलात्कार की पीड़ित मां-बेटी की मौत

मैनपुरी  सामूहिक बलात्कार की पीड़ित मां-बेटी की मौत

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के कुर्रा क्षेत्र से एक सप्ताह पूर्व अपहृत सामूहिक बलात्कार से पीडित महिला और उसकी बेटी की अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। सूत्रों के अनुसार कुर्रा इलाके के सौज गांव से 15 मई की रात बदमाशों ने एक 38 वर्षीय महिला और उसकी 15 साल की बेटी का अपहरण कर लिया था।
अपहरण के बाद बदमाशों ने मां-बेटी को बंधक बनाकर उनके साथ बलात्कार किया और बाद में गुलाबपुर गांव के पास फेंककर फरार हो गए। सौज गांव निवासी एक किसान 15 मई की रात अपने खेत पर गेहूं की मढाई कर रहा था। घर लौटने पर उसे पता चला कि उसकी पत्नी और 15 वर्षीय बेटी घर से गायब है। इस संबंध में थाने में सूचना दी गई।
गुरुवार को मां-बेटी कुर्रा छेत्र के गुलाबपुर गांव के पास अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। होश में आने पर किशोरी ने बताया उरई निवासी आविद ने अपने साथियों की मदद से दोनों का अपहरण करके कार से ले गया। बंधक बनाकर उनके साथ बलात्कार किया गया और बाद में जहरीला पदार्थ खिलाकर अचेता अवस्था में खेत में फेंक दिया और फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार दोनों को इटावा के सैफई मिनी पी. जी. आई. में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान महिला की शुक्रवार को मृत्यु हो गई जबकि उसकी बेटी ने शनिवार को दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद सौज गांव के लोगों में आक्रोश है वंही पुलिस मामले की जांच करने की बात कह रही है। आरोपी आविद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम उरई गई है। आविद मैनपुरी में एक बेकरी में काम करता था। आविद का किसान के घर पर आना जाना था। अपर पुलिस अधीक्षक एस.एन सिंह का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें