बुधवार, 1 अप्रैल 2015

सोनिया पर विवादित टिप्पणी को लेकर सियासत तेज, गिरिराज की बर्खास्तगी की मांग

नई दिल्ली। कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के बारे में केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है। सिंह ने हाल ही में बिहार के हाजीपुर में एक बयान में कहा था कि अगर राजीव गांधी नाइजीरिया की किसी महिला से विवाह करते और वह गोरी न होती तो क्या कांग्रेस पार्टी उनका नेतृत्व स्वीकार करती। congress demand to dismiss giriraj singh from cabinet

कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बुधवार को कहा कि पार्टी केन्द्रीय मंत्री की इस असंयमित एवं अशिष्ट टिप्पणी की कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि लगता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लगातार खुश रखने की चाह में सिंह अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। इस तरह की टिप्पणियां भाजपा और उसके कैडर में नैतिक मूल्यों की कमी को दशार्ती है।


सुरजेवाला ने कहा कि गिरिराज इस तरह की खीज निकालने वाली टिप्पणियों के लिए जाने जाते हैं। पिछले वर्ष लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने मोदी का विरोध करने वाले लोगों को देश छोड़कर पाकिस्तान चले जाने को कहा था। शायद वह एकमात्र ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने उनके घर से चोरी किए गए एक करोड़ से अधिक रूपए वापस लेने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आचरण के लिए पुरस्कृत करके मोदी ने उन्हें मंत्री बनाया है।


सुरजेवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री को गिरिराज सिंह को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए और देश से माफी मांगनी चाहिए।


भाजपा ने किया बचाव
इस बीच भाजपा के प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि उनकी पार्टी रंग और जाति को लेकर राजनीति नहीं करती। वह सबका साथ और सबका विकास में विश्वास रखती है। 'ऐसे लोगों को मंत्रिमंडल से बाहर किया जाना चाहिए।'


मंत्रिमंडल से हटाने की मांग
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि गिरिराज सिंह की टिप्पणी भाजपा की सोच को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी शर्मनाक तथा रंगभेदी है। ऐसे लोगों को मंत्रिमंडल से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने पहली बार ऐसा विवादास्पद बयान नहीं दिया है और वह पहले भी ऐसा कर चुके हैं।


पीएम की चुप्पी ऐसाी बातों को बढ़ावा देती है
मार्क्सवादी कयुनिस्ट पार्टी की नेता वृंदा करात ने कहा कि सिंह इस तरह के बयान देते रहते हैं और यह प्रधानमंत्री का कर्तव्य है कि वह इस स्थिति को सार्वजनिक रूप से ठीक करें। उन्होंने सवाल किया कि इस संबंध में प्रधानमंत्री के मन की बात क्या है और कहा कि उनकी चुप्पी ऐसी बातों को बढ़ावा देती है। जनता दल यू के अध्यक्ष शरद यादव ने कहा कि वह सिंह की टिप्पणी से सहमति नहीं रखते और रंगभेद तथा नस्लभेद के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि गांधी ने खुद को भारतीय संस्कृति के अनुरूप ढाला है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें