रविवार, 8 मार्च 2015

आउटलुक पत्रिका के संस्थापक संपादक विनोद मेहता का निधन



नई दिल्ली। आउटलुक पत्रिका के संस्थापक संपादक तथा जाने माने स्तंभलेखक और वरिष्ठ पत्रकार विनोद मेहता का रविवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स) में निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे। एम्स में उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। मेहता ने द संडे ओब्जर्वर, द इंडिपेंडेंट और द पायनीर सहित कई सफल पत्र-पत्रिकाओं के प्रकाशन निकाले। इसके अलावा उन्होंने अभिनेत्री मीना कुमारी और राजनीतिज्ञ संजय गांधी की बायोग्राफी भी लिखी।




प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कई वरिष्ठ पत्रकारों ने मेहता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की है। मोदी ने सोशल नेटवर्किग साइट टि््वटर पर लिखा, अपने विचारों में स्पष्ट और सीधे विनोद मेहता एक अच्छे पत्रकार और लेखक के रूप में याद किए जाएंगे। उनके परिवार को संवेदनाएं। बरखा दत्त ने कहा, आपकी आत्मा को शांति मिलें विनोद मेहता। राजदीप सरदेसाई ने कहा, एक प्रतिष्ठित संपादक और दोस्त का निधन। मृत्यु तक साहसी और कभी न झुकने वाले।
Outlook editor in chief Vinod Mehta passes away


सागरिका घोष ने कहा, मेरी सबसे पसंदीदा आउटलुक के बास विनोद मेहता हमें छोडकर चले गए। हम आपको बहुत याद करेंगे विनोद और भारत आपकी निडर आवाज को याद रखेगा। विभाजन के पहले पश्चिमी पंजाब के रावलपिंडी में जन्मे मेहता जब तीन वर्ष के थे तो उनका परिवार भारत आ गया था। उन्होंने लखनऊ में अपनी शिक्षा पूरी की। मेहता ने पत्रकार सुमिता पाल से शादी की। मेहता भारत के सबसे प्रतिष्ठित संपादकों में से एक थे। टीवी पैनलिस्ट के तौर पर वह अक्सर टीवी चर्चाओं में भाग लेते थे।  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें