शुक्रवार, 20 फ़रवरी 2015

पाक से आई बारात, पद्मिनी-करणी सिंह लेंगे 7 फेरे

पाक से आई बारात, पद्मिनी-करणी सिंह लेंगे 7 फेरे



भारत और पाकिस्तान की सरहद पर भले ही माहौल गर्माता रहा है, लेकिन दोनों देशों की आवाम के बीच आज भी दिलों के रिश्ते हैं।




इसका उदाहरण आज कानोता में होने वाली शादी में देखने को मिल रहा है। बात हो रही है पाकिस्तान के अमरकोट रियासत के कुंवर करणी सिंह और कानोता की पद्मिनी कुमारी की शादी की।




शुक्रवार को होने वाले शादी समारोह के लिए पाकिस्तानी बारात गुरूवार रात को कानोता पहुंची। ग्राम पंचायत कानोता के सरपंच की अगुवाई में पूरे गांव ने आथित्य सत्कार के साथ बारात का स्वागत किया।




जानकारी के अनुसार कानोता के पूर्व ठिकानेदार एवं होटल नारायण निवास के मालिक मान सिंह की पुत्री पद्मिनी कुमारी की शादी पाकिस्तान के अमरकोट रियासत के पूर्व राजघराने के राणा हमीर सिंह के पुत्र कुंवर करणी सिंह से होनी है।




पद्मिनी कुमारी और करणी सिंह की शादी आज कानोता स्थित नारायण निवास में हो रही है। शादी समारोह के लिए पाकिस्तान से 120 सदस्यीय बारात गुरूवार रात को कानोता पहुंची।




यहां पर ग्राम पंचायत सरपंच कमलेश शर्मा की अगुवाई में सैकड़ों ग्रामीणों ने पाकिस्तान से आए बारातियों का आथित्य सत्कार किया।




पंचायत की ओर से बारात को गोविंददेवजी की प्रतिमा भेंट की गई। इस बारात में उत्तरप्रदेश की बलरामपुर, आवागढ़ और मैसूर रियासत सहित अन्य पूर्व राजघरानों के लोग शामिल हैं। सरहद पार से आई बारात को लेकर कानोता में उत्साह का माहौल है।




इस विवाह में कई विदेशी मेहमान भी शरीक हो रहे हैं जिनमें कई पाकिस्तानी राजनीति के बड़े चेहरे और चर्चित लोग भी नजर आएंगें। इसके अलावा हिन्दुस्तान के कई रजवाड़े और राजनीतिक चेहरे इस शादी के गवाह बनेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें