शुक्रवार, 7 नवंबर 2014

मेरे वजह से शहर को कोई नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा : भदेल


अजमेर। "शहर के हित में अपना अहंकार त्यागना होगा, हमारी आपसी कोई लड़ाई नहीं है ना ही कोई विवाद है। मेरी वजह से इस शहर को कोई नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा।

भाजपा संगठन को मजबूत बनाने के लिए संगठन के माध्यम से ही काम किए जाएंगे।" अजमेर दक्षिण से लगातार तीसरी बार विधायक बनने के बाद पहली बार मंत्रिमंडल में शामिल हुई महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनिता भदेल ने पत्रिका से विशेष बातचीत में खुलकर बोलीं-

महिला एवं बाल विकास विभाग को बेहतर बनाने के लिए आप क्या करेंगी?
भदेल : केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन कराने का प्रयास करेंगे। विभाग की योजनाओं के लिए पायलट प्रोजेक्ट बनाए जा रहे हैं। सात नवम्बर को अजमेर में इस सम्बंध में पहली मीटिंग रखी है। विभाग में सुधार की बहुत गुंजाइश है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, सहायिका को प्रशिक्षण नहीं मिलने का खमियाजा भुगतना पड़ता है। इनका काम चुनौतीपूर्ण है, इन्हें आंगनबाड़ी केन्द्रों की संवेदना को समझना होगा। उन्हें प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।

शहर के विकास की जिम्मेदारी आप दोनों मंत्रियों पर है, आपका क्या योगदान रहेगा?
भदेल : अक्सर देखा जाता है कि प्रशासनिक अफसरों को जानकारी नहीं होती है। वे अपने हिसाब से कार्ययोजना बनाते हैं। इससे आगे चलकर विकास मुसीबत में पड़ जाता है।

अजमेर के विकास के लिए स्मार्ट सिटी, हैरिटेज सिटी, स्लम फ्री सिटी सहित अन्य योजनाओं पर शहर की मांग के अनुरूप डीपीआर तैयार की जाए। शहर की आवश्यकता का पता लगाने के लिए विभिन्न मंचों का उपयोग किया जाए। जनता की भी राय ली जाए और उसी के अनुरूप डीपीआर तैयार हो। 

there will not be any damage to the city because of me says Bhdel

विकास योजनाओं की डीपीआर बनवाने, उसे स्वीकृत कराने और योजनाओं का समयबद्ध काम कराने में पूरा प्रयास करूंंगी। इसकी जिला, राज्य सरकार के स्तर पर समय-समय पर निगरानी भी की जाएगी।

शहर का विकास एडीए व नगर निगम के जरिए होना है, दोनों ही संस्थाएं खुद ही विकसित नहीं हैं?
भदेल : अजमेर विकास प्राधिकरण और नगर निगम को मजबूत बनाने के लिए विभाग के सचिव मंजीत सिंह और तन्मय सर ( मुख्यमंत्री के सचिव तन्मय कुमार) सबसे बड़ा सवालसे बात हुई है।

एडीए व निगम का बड़ा काम है। स्थानीय निकाय चुनाव की आचार संहिता के बाद दोनों संस्थाओं में अच्छे अफसर नियुक्त कराए जाएंगे। दोनों विभागों से जुड़ी समस्याओं को मैं स्वयं दूर करने का प्रयास करूंगी।

वासुदेव देवनानी और आप दोनों मंत्री हैं, क्या आपके आपसी विवाद का खमियाजा शहर को नहीं भुगतना पड़ सकता है?
भदेल : मेरी वजह से शहर को कोई नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा। मैंने सभी मंचों से यह बात कही है कि मंत्रालय होने के बावजूद मेरी वजह से शहर का नुकसान नहीं हो, इसकी गारंटी है।

शहर के हित में अपना अहंकार छोड़ना चाहिए। मेरी यह मान्यता है, उनकी क्या है मुझे पता नहीं। शहर का हित वे भी चाहते हैं, शहर का हित मैं भी चाहती हूं। लेकिन लड़ाने वाले नीचे के लोग ही होते हैं। अपने स्वार्थ के लिए लड़ाते हैं, ऎसे लोग बहुत हैं, वे शत प्रतिशत इस तरह की हरकतें करेंगे। हमारा सीधा कोई विवाद नहीं है।

भाजपा संगठन का महत्व बना रहे, संगठन मजबूत हो, इसके लिए क्या प्रयास करेंगी?
भदेल : भाजपा संगठन सर्वोपरि है। संगठन के माध्यम से ही काम कराए जाएंगे। संगठन और कार्यकर्ता को प्राथमिकता दी जाएगी। संगठन के कार्यकर्ता और बाकी लोगों में अंतर तय होगा, तो संगठन मजबूत होगा। प्रत्येक कार्य में संगठन की भूमिका का ध्यान रखेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें