शुक्रवार, 7 नवंबर 2014

एम्बुलेंस घोटाले पर बोले गहलोत, मामले में दम नहीं

दौसा। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि एम्बुलेंस 108 घोटाले के मामले में कोई दम नहीं है।

इसमें उनकी कोई मौजूदगी नहीं है। भाजपा सरकार लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस मामले की सीबीआई जांच करा रही है। उन्होंने यह बात गुरूवार सुबह जयपुर से अलवर जाते समय कलक्ट्रेट बायपास पर पत्रकारों से कही।

Handed over to the CBI probe popularity says Gehlot

उन्होंने कहा कि यदि मामले में दम होता तो सरकार अपनी मर्जी के हिसाब से पुलिस से ही मामले की जांच कराती। वह अन्य मामलों में भी तो पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाकर अपने हिसाब से जांच करा लेती है, लेकिन मामले में कुछ नहीं होने तथा लोकप्रियता हासिल करने के लिए इसे सीबीआई को सौंपा गया है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र से जुड़े किसी भी मामले की जांच के लिए सीबीआई को कहने की जरूरत नहीं होती है। वह स्वयं ही अपने स्तर पर जांच कर सकती है। निकाय चुनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी निकाय चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। इसकी सभी तैयारियां कर ली गई है। कार्यकर्ता व लोगों में चुनाव को लेकर काफी उत्साह है।

चुनाव के लिए पर्यवेक्षक भी नियुक्त कर दिए गए हैं। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता मुरारीलाल मीणा के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

उन्होंने निकाय चुनाव के लिए पूरी मेहनत से पार्टी हित में कार्य करने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर प्रधान शांति देवी गुर्जर, रामनाथ राजोरिया, महामंत्री रामनिवास गांगड्या, सी. एल.मीणा, घनश्याम भाण्डारेज, जुगलकिशोर आलूदा, पार्षद अरविंद, जाबिर खान, कन्हैयालाल सैनी आदि मौजूद थे। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें