रविवार, 19 अक्तूबर 2014

LIVE: रुझानों में महाराष्‍ट्र-हरियाणा में बीजेपी सबसे आगे, कांग्रेस तीसरे नंबर पर



रविवार सुबह मुंबई में शिवसेना मुख्यालय के बाहर बिल्कुल सन्नाटा पसरा रहा, जबकि भाजपा ने अपना प्रदेश मुख्यालय काफी सजा रखा था।

LIVE: रुझानों में महाराष्‍ट्र-हरियाणा में बीजेपी सबसे आगे, कांग्रेस तीसरे नंबर पर

नई दिल्ली. महाराष्ट्र की 288 और हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर 15 अक्‍टूबर को हुए चुनाव के बाद वोटों की गिनती शुरू हो गई है। शुरुआती रुझानों में दोनों ही राज्‍यों में भाजपा को बढ़त मिलती दिख रही है। हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल भी कई सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस का प्रदर्शन ठीक नहीं द‍िख रहा है।



महाराष्‍ट्र में भाजपा जीत को लेकर इतनी आश्‍वस्‍त है कि नतीजे आने से पहले ही पार्टी मुख्‍यालय को सजा दिया गया और जश्‍न की तैयारी कर ली गई है। पार्टी कार्यकर्ता भी काफी उत्‍साहित हैं। उधर, शिवसेना के दफ्तर के बाहर सन्‍नाटा पसरा हुआ है।



तमाम एक्जिट पोल्‍स भी भाजपा की जीत का अनुमान लगा चुके हैं। वोटों की गिनती से पहले बीजेपी ने महाराष्ट्र में एक सर्वे के जरिए खुद को 141 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था। इसके अलावा आरएसएस की तरफ से भी एक सर्वे किया गया था जिसमें पार्टी को 125 से 145 सीटें मिलने की बात कही गई थी।



महाराष्‍ट्र में सरकार बनाने के लिए 145 सीटों की जरूरत होगी और हरियाणा के लिए यह आंकड़ा 46 सीटों का है। भाजपा-शिवसेना और कांग्रेस-राकांपा का गठबंधन टूटने की वजह से महाराष्‍ट्र में इस बार मुकाबला चौतरफा है। हरियाणा में मुख्‍य मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और इंडियन नेशनल लोकदल के बीच है।



महाराष्ट्र

यहां बीजेपी, शिवसेना, कांग्रेस, एनसीपी, और एमएनएस के बीच मुख्य लड़ाई है। पंकजा मुंडे, धनंजय मुंडे, नीतेश राणे, अजित पवार, प्रणिति शिंदे, अमिता चव्हाण, अमित देशमुख, अबु फरहान आजमी, शिल्पा सरपोतदार, राहुल ठाकरे, अजिंक्य पाटिल और पंकज भुजबल जैसे उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला थोड़ी देर में हो जाएगा।



हरियाणा

यहां बीजेपी, कांग्रेस, आईएनएलडी, हरियाणा जनहित कांग्रेस के बीच मुख्य लड़ाई है। राज्य में भूपिंदर सिंह हुड्ड, सावित्री जिंदल, दुष्यंत चौटाला, चौधरी बीरेंद्र सिंह की पत्नी प्रेमलता, कैप्टन अजय यादव, कैप्टन अभिमन्यु, गोपाल कांडा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, जगदीश खट्टर, ओमप्रकाश धनखड़, केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बहन वंदना शर्मा और किरण चौधरी जैसे अहम लोग चुनावी मैदान में हैं। इन सभी की किस्मत का फैसला थोड़ी देर में हो जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें