बुधवार, 15 अक्तूबर 2014

एक्जिट पोल: महाराष्ट्र, हरियाणा में भाजपा सबसे बड़ा दल

महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों के एक्जिट पोल के नतीजों में बुधवार को भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरती हुई और बहुमत से थोड़ी ही पीछे दिखाई दे रही है। शिवसेना को महाराष्ट्र में दूसरे सबसे बड़े दल के तौर पर पेश किया गया है। 
Image Loading
गठबंधन टूटने से पहले महाराष्ट्र में 15 साल तक राज करने वाली कांग्रेस और राकांपा को भारी नुकसान का अनुमान जताया गया है, वहीं शिवसेना को राज्य में दूसरे सबसे बड़े दल के तौर पर पेश किया गया है।

हालांकि टुडेज चाणक्य के एक्जिट पोल में भाजपा को महाराष्ट्र और हरियाणा दोनों जगह स्पष्ट बहुमत मिलने की बात कही गयी है। न्यूज 24 चैनल पर प्रसारित इस सर्वेक्षण के अनुसार महाराष्ट्र में भाजपा को 151 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत बताया गया है वहीं शिवसेना को 71 सीटें मिलने की संभावना है। एक्जिट पोल के नतीजों में कांग्रेस को 27, राकांपा को 28 और मनसे को 11 सीटें मिलने का दावा किया गया है।

इसी एक्जिट पोल में हरियाणा में भाजपा को कुल 90 में से 52 सीटों के साथ सरकार बनाने की ओर बढ़ता दिखाया गया है। इनेलो के 23 सीटों के साथ दूसरा सबसे बड़ा दल होने की संभावना है। वहीं कांग्रेस को 10 और बाकी दलों को पांच सीटें मिल सकती हैं।

महाराष्ट्र के इतिहास में पहली बार भाजपा सरकार बनाने के नजदीक बताई जा रही है जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमकर प्रचार में भाग लिया और 27 रैलियों को संबोधित किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें