शुक्रवार, 12 सितंबर 2014

बज गया बिगुल! हरियाणा और महाराष्ट्र में 15 अक्टूबर को होंगे विधानसभा चुनाव

हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 15 अक्टूबर को होंगे। चुनाव आयोग ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि वोटों की गिनती 19 अक्टूबर को होगी और उसी दिन चुनावों के नतीजें घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग ने अभी जम्मू-कश्मीर और झारखंड के लिए चुनावों की तारिख की घोषणा नहीं की है। गौरतलब है कि झारखंड और जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। लेकिन जम्मू-कश्मीर में आई भयानक बाढ़ के बाद राज्य में अभी चुनाव ना कराने का फैसला लिया गया है। जम्मू-कश्मीर में चुनाव के सवाल पर चुनाव आयुक्त ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और झारखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा बाद में की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि इन दोनों राज्यों में विधानसभा का कार्यकाल जनवरी 2015 में समाप्त होना है। साथ ही कहा कि हम लोग जम्मू-कश्मीर की स्थिति को नजदीक से देख रहे हैं। जम्मू कश्मीर में आई बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पहले हालात की समीक्षा की जाएगी उसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।Maharashtra, Haryana Assembly elections on October 15
महाराष्ट्र और हरियाणा में विधासभा चुनावों की घोषणा के साथ दोनों राज्यों में आचार संहिता लागू हो गई है। दोनों राज्यों में नामांकन भरने की आखिरी तारिख 27 सितंबर है और 29 सितंबर को नामांकनों की समिक्षा की जाएगी। इनके अलावा महाराष्ट्र की बीड़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव भी 15 अक्टूबर को होंगे।

इसके साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि प्रदेश में कांग्रेस तीसरी बार सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि हर कोई सरकार के काम से खुश है। इस बार भी हम ही सरकार बनाएंगे।

हरियाणा में 1.615 करोड़ और महाराष्ट्र में 8.259 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। हरियाणा में जहां 90 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होंने हैं वहीं महाराष्ट्र में 288 सीटों के लिए चुनाव होने वाले हैं। हरियाणा में अभी कांग्रेस पार्टी की सरकार है वहीं महाराष्ट्र में एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन सत्ता में है। अभी हरियाणा में कांग्रेस के पास 40 सीटें, इनेलो के पास 31, हजका के पास 6, भाजपा के पास 4 तथा अन्यों के पास 9 सीटें हैं। वहीं महाराष्ट्र में कांग्रेस के पास 82, एनसीपी के पास 62, भाजपा के पास 46, शिवसेना के पास 44 सीटें और अन्यों के पास 54 सीटें हैं।



-  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें