सोमवार, 21 जुलाई 2014

भक्ति की शक्ति ने लिया अद्भुत रूप तिनका बना साक्षात शिवलिंग स्वरूप

शिवलिंग को शिव भगवान का प्रतीक माना जाता है। 'शिव' का अर्थ है - 'परम कल्याणकारी' और 'लिंग' का अर्थ है - 'सृजन'। शिवलिंग का अर्थ होता है भगवान शंकर का यौन अंग। शिव के वास्तविक स्वरूप से अवगत होकर जाग्रत शिवलिंग का अर्थ होता है प्रमाण। वेदों और वेदान्त में लिंग शब्द सूक्ष्म शरीर के लिए आता है। यह सूक्ष्म शरीर 17 तत्वों से बना होता है।
1- मन

2- बुद्धि

3- पांच ज्ञानेन्द्रियां

4- पांच कर्मेन्द्रियां और पांच वायु।

लिंग के मूल में ब्रह्मा, मध्य में विष्णु और ऊपर प्रणवाख्य महादेव स्थित हैं। केवल लिंग की पूजा करने मात्र से समस्त देवी देवताओं की पूजा हो जाती है। लिंग पूजन परमात्मा के प्रमाण स्वरूप सूक्ष्म शरीर का पूजन है। शिव के निराकार स्वरूप में ध्यान-मग्न आत्मा सद्गति को प्राप्त होती है, उसे परब्रह्म की प्राप्ति होती है तात्पर्य यह है कि हमारी आत्मा का मिलन परमात्मा के साथ कराने का माध्यम-स्वरूप है,शिवलिंग। शिवलिंग साकार एवं निराकार ईश्वर का 'प्रतीक' मात्र है, जो परमात्मा- आत्म-लिंग का द्योतक है। शिव और शक्ति का पूर्ण स्वरूप है शिवलिंग।

शिवलिंग हमें बताता है कि इस संसार में न केवल पुरुष का और न ही केवल स्त्री का वर्चस्व है बल्कि, दोनों एक दूसरे के पूरक हैं और दोनों ही समान हैं। शिव पुराण के अनुसार शिवलिंग की पूजा करके जो भक्त शिव को प्रसन्न करना चाहते हैं उन्हें प्रातः काल से लेकर दोपहर से पहले ही इनकी पूजा कर लेनी चाहिए। इस दौरान शिवलिंग की पूजा विशेष फलदायी होती है। इसकी पूजा से मनुष्य को भोग और मोक्ष की प्राप्ति होती है।

भक्ति की शक्ति ने लिया अद्भुत रूप तिनका बना साक्षात शिवलिंग स्वरूप

पाण्डवों को दुर्योंधन ने कपट से जुए में हरा दिया इसलिए पाण्डव 12 महीने का वनवास भोग रहे थे। पांचों भाई धर्म पर चलते थे। जंगल में भी उन्हें मंगल सा अनुभव हो रहा था। सभी भाई साथ मिलकर भोजन करते थे। यह उनका नियम था। अर्जुन प्रतिदिन स्नान करके भगवान शिव की पूजा करने के पश्चात ही भोजन ग्रहण करता था।

एक दिन पांचों भाई घूमते हुए बड़े घने जंगल में निकल गए। भीम को भूख लग गई। जंगल में ही कंदमूल इकट्ठे करने का निर्णय किया गया। भोजन एकत्रित करने के पश्चात भीम को चिंता होने लगी आस-पास कोई शिव मंदिर तो है ही नहीं और अर्जुन शिव पूजन किए बिना भोजन नहीं करेगा। अर्जुन भोजन नहीं करेगा तो कोई भी नहीं करेगा। युधिष्ठिर से आज्ञा लेकर भीम शिव मंदिर की खोज में निकल गए।

जब बहुत खोज करने पर भी कोई शिव मंदिर न मिला। तो वो थक हार कर वापिस आने लगे तो उन्हें शिवलिंग के आकार का एक लकड़ी का टुकड़ा दिखाई दिया। भीमसेन ने अच्छा सा स्थान देखकर उसे जमीन में गाढ़ दिया और उस पर कुछ पुष्प चढा दिए। यह सब करके वे अर्जुन के पास आए और कहा, "शिवलिंग मिल गया है चलकर उसका पूजन कर लो।"

अर्जुन के द्वारा पूजन करने के उपरांत सभी भाईयों ने भोजन किया। भोजन के पश्चात भीम ने हंसते- हंसते बताया कि," किस प्रकार एक लकड़ी के टुकड़े को जमीन में गाढ़कर उन्होंने उसे शिव प्रतिमा का रूप दिया।"

अर्जुन कहने लगे," वह तो शिवलिंग ही थे।"

युधिष्ठिर बोले," उस स्थान पर चलकर ही सही बात का पता लगाया जाए।"

सभी भाई उस स्थान पर पंहुचे जहां कृत्रिम शिवलिंग था। युधिष्ठिर भीम से बोले," यदि यह पेड़ का तना है तो इसे उखाड़ कर दिखाओ।"

भीम ने एक हाथ से उस लकड़ी के टुकड़े को हिलाया परंतु टुकड़ा नहीं हिला। भीम अपने शरीर का संपूर्ण बल लगाकर भी लकड़ी के टुकड़े को नहीं हिला सका।

युधिष्ठिर बोले," भीम तुम्हारी बात निश्चय ही सही होगी परंतु अर्जुन एक निष्ठावान साधक है। उसी निष्ठा के बल पर ही लकड़ी का टुकड़ा साक्षात शिवलिंग बन गया।"

सारांश यह है कि जो व्यक्ति जिसको जैसा समझता है। उसके सामने वह वैसा ही उपस्थित होता है। सच्ची निष्ठा श्रद्धा का ही फल है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें