बुधवार, 9 जुलाई 2014

पीएम मोदी के करीबी अमित शाह आज संभालेंगे भाजपा की कमान!



नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निकट सहयोगी अमित शाह बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के नए अध्यक्ष घोषित किए जा सकते हैं। यह जानकारी भाजपा सूत्रों ने दी है। भाजपा की शीर्ष नीति नियामक इकाई, भाजपा संसदीय बोर्ड की बुधवार को नई दिल्ली में बैठक होगी। उत्तर प्रदेश में भाजपा की पैठ बनाने का श्रेय पाने वाले शाह अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जैसे नेताओं के उत्तराधिकारी बनने जा रहे हैं। शाह वर्तमान केंद्रीय गृह मंत्री और पूर्व भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह का स्थान लेंगे। ऎसा माना जाता है कि पिछले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में 80 में से 71 सीटों पर कब्जा करने वाली भाजपा की इस बड़ी जीत के पीछे शाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
Amit shah will be new BJP president, Party will announce name today
तेज कूटनीतिक और कुशल रणनीतिकार माने जाने वाले गुजरात के पूर्व गृह मंत्री शाह मोदी के विश्वासपात्र राजनीतिक सहयोगी और प्रमुख रणनीतिकार हैं। पहले कहा गया था कि वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव शाह वड़ोदरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छोड़ देने से खाली हुई है।

वहीं दूसरी रिपोर्ट के मुताबिक सतीश उपाध्याय को भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली प्रदेश इकाई का अध्यक्ष बनाया जा रहा है। हालांकि मंगलवार देर रात तक राष्ट्रीय या राज्य स्तर पर किसी ने औपचारिक रूप से उपाध्याय के नाम का ऎलान नहीं किया है। लेकिन माना जा रहा है बुधवार को भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अमित शाह के नाम के साथ ही दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उपाध्याय के नाम का औपचारिक ऎलान कर दिया जाएगा।

उपाध्याय भाजपा के साथ ही लंबे समय से संघ से भी जुडे रहे हैं। मालवीय नगर इलाके से भाजपा के पार्षद उपाध्याय इन दिनों दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की स्थाई समिति के अध्यक्ष है। गौरतलब है कि डॉ. हर्षवर्धन इस समय दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष है लेकिन उन्हें अब केन्द्र की मोदी सरकार में मंत्री बना दिया गया है इसलिए भाजपा की दिल्ली इकाई को लम्बे समय से नये प्रदेश अध्यक्ष का इंतजार था।

-  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें