रविवार, 6 जुलाई 2014

एक अद्भूत मंदिर: राधा-कृष्ण के इस स्वर्ण मंदिर पर रीझेगी दुनिया



मथुरा। ब्रज भूमि में अब भव्यता की बहार है। प्रेम मंदिर से भव्य देवालयों की शुरुआत हुई। अब ब्रह्मजी की नगरी चौमुहां में हाइवे किनारे श्रीराधा-कृष्ण का स्वर्ण मंदिर बनेगा, जो दुनिया में संभवत: सबसे भव्य और महंगा होगा। 108 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित मंदिर के चारों ओर ताज की तरह चार मीनार जैसे स्ट्रकचर होंगे।

वैदिक संस्कृति, विज्ञान व नौ गृहों के प्रारूप से प्रस्तावित मंदिर का शिलान्यास भी शानदार होगा। भगवान श्री लक्ष्मीनारायन महाशक्ति पीठ धाम नई दिल्ली द्वारा इस भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। देश के नामचीन दो दर्जन इंजीनियरों की टीम पिछले एक साल से मंदिर की डिजायन बनाने के लिए दुनियाभर में भव्य मंदिर, गुरुदारा, मस्जिद व खास इमारतों का अध्ययन कर रही है।

कान्हा की नगरी मथुरा के वृंदावन में भव्य मंदिरों के निर्माण का सिलसिला शुरू हुआ। प्रेम मंदिर और वैष्णो माता मंदिर बनने के बाद वात्सल्य ग्राम में सर्वमंगला मंदिर और भव्य चंद्रोदय मंदिर निर्माणाधीन हैं। इसके बाद अब श्रीराधा-कृष्ण स्वर्ण मंदिर का प्रस्ताव तैयार है। भगवान श्रीलक्ष्मी नारायन धाम नई दिल्ली के महासचिव गुरुदास सुशील वर्मा और चीफ कोर्डिनेटर विश्व रमण निर्मल ने 'जागरण' को बताया कि प्रस्तावित मंदिर के लिए 108 एकड़ जमीन में मंदिर खास होगा। इसमें ताज जैसी कुछ झलक मिलेंगी। इसमें राधा-कृष्ण की स्वर्ण जड़ित मूर्तियां होंगी और मंदिर भी सोने का ही होगा। सभी प्रमुख देवी-देवताओं की स्वचालित झांकियां मंदिर में स्थापित होंगी। इसके लिए दुनियाभर में अध्ययन का दौर चल रहा है। उन्होंने बताया कि एक टीम तिरुपति बालाजी के पास नारायणी स्वर्ण मंदिर गई है, जो वहां प्लान नोट करेगी।

मनचाही भाषा में दिखेंगी कान्हा की लीलाएं- प्रस्तावित मंदिर में आधा घंटे में भगवान श्री कृष्ण व राधा की सभी बाल लीलाओं का सजीव चित्रण होगा। इसमें बहुभाषी डबिंग होगी। हिंदी, अग्रेजी, बंगाली, ब्रजभाषा, भोजपुरी, राजस्थानी, हरियाणवी, तमिल व अन्य मनचाही भाषा को क्लिक कर राधा-कृष्ण की लीलाओं का बखान भी सुन सकेंगे। मंदिर में दर्शनार्थियों के ठहरने का इंतजाम भी होगा, जो पांच सितारा होटल से कम नहीं होगा। अस्पताल, स्कूल, विधवाश्रम और गौशाला भी- धर्म लोगों के हित के लिए होता है। यह बात अब तेजी से समझ आ रही है। इसीलिए मंदिर प्रांगण में आयुर्वेद, होम्योपैथिक, एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति के अस्पताल बनेंगे। दिव्य बीज मंत्रों के जरिए सभी रोगों का इलाज मुफ्त में होगा। कष्ट निवारक कक्ष में बैठने मात्र से रोगी की जांच हो सकेगी। यह भी जनहित के काम

-पांच एकड़ की गौशाला ब्रज की गायों को संरक्षण देगी।

-स्कूल में गरीब छात्र-छात्रओं को हाईटेक एजुकेशन व प्लेसमेंट की व्यवस्था होगी।

-विधवा महिलाओं के संरक्षण को एक आश्रम भी बनाया जाएगा।

-मंदिर में 24 घंटे नि:शुल्क लंगर चलेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें