शनिवार, 26 जुलाई 2014

चंडीगढ़।कांस्टेबल ने अस्पताल में गोली चलाकर की पत्नी की हत्या -



चंडीगढ़। चंडीगढ़ पुलिस के एक कांस्टेबल ने शुक्रवार को सेक्टर 16 स्थित गवर्नमेंट अस्पताल में अपनी पत्नी की गोली मार कर हत्या कर दी। इस दौरान गोली लगने से एक अन्य महिला भी घायल हो गई। कांस्टेबल अनंत कुमार ने खुद को भी गोली मार कर आत्महत्या का प्रयास किया। गोली उसके कंधे पर लगी लेकिन इस दौरान वहां मौजूद एक अन्य पुलिसकर्मी ने उसे दबोच लिया।
Police constable murdered his wife in chandigarh
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि लगभग 11.30 बजे अनंतकुमार की अपनी पत्नी डिम्पल के साथ पहले अस्पताल की नई ओपीडी के सामने लगभग 15 मिनट तक कहासुनी होती रही। इसके बाद अचानक उसने अपनी नौ एमएम सर्विस पिस्तौल निकाली और डिम्पल पर चार गोलियां दागीं। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। डिम्पल इसी अस्पताल में कार्यरत थी। अनंत ने इसके बाद दो फायर अपने पर किए जिनमें से एक गोली उसके कंधे में लगी जबकि दूसरी गोली पास से गुजरती एक महिला सावित्री देवी को लगी।

इससे पहले की हमलावर कांस्टेबल कोई और फायर करता वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी ने उसे काबू कर लिया। अनंत कुमार और सावित्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है। बताया जाता है कि पति पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें