शुक्रवार, 11 अप्रैल 2014

भाजपा-कांग्रेस के चार उम्मीदवार दागी

जयपुर। प्रदेश में पहले चरण की 20 लोकसभा सीटों पर भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों में से चार उम्मीदवार दागी हैं। कुल उम्मीदवारों में से 14 पर मामले दर्ज हैं। राजस्थान इलेक्शन वॉच की ओर से राज्य की बीस सीटों पर खड़े 239 उम्मीदवारों में से 238 के शपथ पत्रों का विश्लेष्ाण गुरूवार को जारी किया गया। BJP and Congress four candidate tainted
इलेक्शन वॉच की सदस्य रेणुका पामेचा और कमल टांक ने पत्रकारों को बताया कि कुल 14 उम्मीदवारों पर विभिन्न मामले दर्ज हैं। इनमें से पांच प्रत्याशियों पर गंभीर आपराधिक मामले चल रहे हैं। इनमें लोकसेवकों को काम नहीं करने देना और महिला उत्पीड़न के मामले भी दर्ज हैं।

भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के दो-दो उम्मीदवारों का रिकॉर्ड आपराधिक है। आम आदमी पार्टी के एक प्रत्याशी और छह निर्दलीयों पर भी केस दर्ज हैं। श्रीगंगानगर से चुनाव लड़ रहे निर्दलीय उम्मीदवार पर महिला उत्पीड़न का मामला चल रहा है।

इन पर दर्ज हैं आपराधिक मामले
राजकुमार शर्मा (झुंझुनूं), कुंभाराम (श्रीगंगानगर ), सुरेन्द्र कुमार फुलवारिया (सीकर), ओम बिड़ला (कोटा), हनुमान बेनीवाल (नागौर), ओमप्रकाश झारोड़ा (झुंझुनूं), कर्नल सोनाराम (बाड़मेर), खीमाराम सालवी (राजसमंद), वेलाराम (उदयपुर), गौतमलाल मीणा (उदयपुर), गिरिजा व्यास (चित्तौड़गढ़), अशोक चांदना (भीलवाड़ा), पवन सिंह शेखावत (जयपुर) व तौरूराम मेघवाल (चूरू)।

41-50 की उम्र वाले सबसे ज्यादा
इस चुनाव में सबसे अधिक प्रत्याशी 41 से 50 साल की उम्र के हैं। आकड़ों के मुताबिक इस उम्र के 65 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनके अलावा 51 से 60 उम्र के 59, 31 से 40 उम्र के 44, 25 से 30 उम्र के 20, 61 से 70 उम्र के 37, 71 से 80 आयु के 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। एक उम्मीदवार की उम्र को 81 साल से भी अधिक है।

47 प्रतिशत ने नहीं दिया आयकर ब्यौरा
238 प्रत्याशियों में से 112 ऎसे हैं, जिन्होंने आयकर ब्यौरा नहीं दिया है।
11 प्रत्याशी ऎसे हैं, जिन्होंने पचास लाख रूपए से अधिक की आय बताई, लेकिन आयकर का ब्यौरा नहीं दिया।
29 प्रतिशत उम्मीदवारों ने अपना पेन नम्बर नहीं दिया। सबसे अधिक आय कांगे्रस के कोटा से प्रत्याशी इज्यराज सिंह ने 2.71 करोड़ रूपए बताई है।

ये भी हैं खास
पहले चरण में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की औसत सम्पत्ति 2.66 करोड़ रूपए है।
भाजपा प्रत्याशियों की औसत सम्पत्ति 8.50 करोड़ तो कांग्रेस उम्मीदवारों की औसत सम्पत्ति 13.39 करोड़ रूपए है।
11 प्रत्याशियों के पास 15 करोड़ रूपए से अधिक की सम्पत्ति है।
कांग्रेस के उदयलाल आंजना, ज्योति मिर्घा और सपा टिकट पर जयपुर ग्रामीण से चुनाव लड़ रहे धीरज गुर्जर सबसे अधिक सम्पत्ति वाले हैं। बीकानेर से चुनाव लड़ रहे गोपाल वाल्मीकि और भीलवाड़ा से चुनाव लड़ रहे रतनलाल धोबी की सम्पत्ति एक हजार रू. दर्शाई गई है।

30 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति
जारी आकड़ों के मुताबिक 238 प्रत्याशियों में से 71 (30 प्रतिशत) उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनमें से 18 भाजपा, 18 कांग्रेस के और 12 उम्मीदवार आम आदमी पार्टी के करोड़पति हैं। बसपा के चार और सपा का एक उम्मीदवार करोड़पति है।  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें