शुक्रवार, 17 जनवरी 2014

राहुल ने कहा,गंजों को भी कंघे बेच सकता है विपक्ष

नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने साफ कर दिया है कि वे प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं होंगे। एआईसीसी की बैठक को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जीतकर आने वाले सांसद ही प्रधानमंत्री का चुनाव करते हैं। संविधान के मुताबिक यही व्यवस्था है। बतौर सिपाही वह हर जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार हैं। राहुल ने कहा,गंजों को भी कंघे बेच सकता है विपक्ष
राहुल गांधी ने महंगाई की मारी जनता को राहत देने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से 9 की बजाय 12 सब्सिडी वाले सिलेण्डर देने की मांग की। राहुल गांधी ने घोषणा की है कि 15 सीटों पर जनता से पूछकर उम्मीवार चुने जाएंगे। बाहर से आने वाले नेता चुनाव नहीं लड़ेंगे। बाहर से आने वाले नेताओं को टिकट नहीं देंगे। कांग्रेस शासित राज्यों में 50 फीसदी महिला मुख्यमंत्री होंगी।

राहुल गांधी ने कहा कि टिकट वितरण कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से पूछकर होगा। घोषणा पत्र भी जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं से पूछकर बनाया जाएगा। राहुल गांधी ने नरेन्द्र मोदी का नाम लिए बगैर कहा कि लोकतंत्र एक व्यक्ति से नहीं चलता। लोकतंत्र तानाशाही से भी नहीं चलता।

उन्होंने कहा कि हमारा विपक्ष इतना अच्छा है कि वह गंजों को भी कंघे बेच सकता है। नई पार्टी तो गंजों का हेयर कट भी कर सकती है। लोकपाल कानून का श्रेय कांग्रेस को देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि लोकपाल को लेकर खूब तमाशा हुआ लेकिन कानून कांग्रेस ने ही बनाया। उन्होंन कहा कि मीडिया और जज सड़क पर कानून बना रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ 6 बिल पारित किए जाएंगे।


सोनिया और मनमोहन के लिए बजवाई तालियां

भाषण की शुरूआत में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की जमकर तारीफ की। राहुल गांधी ने कहा कि 10 सालों में मनमोहन सिंह ने अच्छा काम किया है। मनमोहन सिंह का नेतृत्व हमारे लिए गौरव की बात है। राहुल गांधी ने मनमोहन सिंह के नेतृत्व में किए गए कार्यो के लिए उनको बधाई दी।

इस पर कांग्रेसी नेताओं ने तालियां बजाई। इस पर राहुल गांधी ने कहा,भैया,थोड़ी जोर से बजाओ। इसके बाद तालकटोरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी बधाई दी। राहुल गांधी ने कहा कि हमने लोगों को आरटीआई की ताकत दी। हमने आरटीआई कानून किसी के दबाव में नहीं बनाया था। हमने आधार योजना के जरिए सब्सिडी का पैसा लोगों के खातों में पहुंचाया।



राहुल गांधी पर फैसला हो चुका है

इससे पहले कांग्रेस अधयक्ष सोनिया गांधी ने साफ कर दिया कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं होंगे। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में एआईसीसी की बैठक को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि राहुल गांधी को लेकर फैसला हो चुका है। यह आखिरी निर्णय है।

सोनिया का भाषण खत्म होते ही नारेबाजी

जिस वक्त सोनिया गांधी का भाषण खत्म हुआ तो कांग्रेसी नेता राहुल गांधी को पीएम पद का उम्मीदवार बनाने की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। पार्टी नेताओं को शांत कराने के लिए राहुल गांधी को हस्तक्षेप करना पड़ा। राहुल गांधी ने कहा कि जिस बात को आप सुनना चाहते हैं उसे मैं अपने भाषण में बता दूंगा।

लोकसभा चुनाव के लिए तैयार है कांग्रेस

सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने संकट के कई दौर देखे हैं। हमें यह संदेश पहुंचाने की जरूरत है कि कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तैयार है। आगामी लोकसभा चुनाव में विचारधाराओं के बीच लड़ाई होगी। कांग्रेस अपने मूल्यों को लेकर प्रतिबद्ध है। राहुल गांधी को लेकर सीडब्ल्यूसी की बैठक में जो फैसला लिया गया था वह अंतिम है।

सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में यूपीए सरकार ने बहुत अच्छा काम किया है। हालांकि सोनिया गांधी ने सरकार को सलाह दी है कि वह मध्यम वर्ग के प्रति नरम रूख अपनाएं। सोनिया गांधी ने कहा कि अमीरी और गरीबी की खाई चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि विकास के बाद भी काफी असमानता है।

भाजपा लोगों को बांटना चाहती है

सोनिया गांधी ने भाजपा पर भी जमकर हमला बोला। सोनिया गांधी ने भाजपा पर समाज को बांटने और हिंसा फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिकता देश के लिए सबसे बड़ा खतरा है। कांग्रेस चुनाव में लाभ के लिए धर्मनिरपेक्षता का कार्ड नहीं खेलती है। धर्मनिरपेक्षता राजनीतिक मजबूरी नहीं बल्कि विश्वास का विषय है।

1 टिप्पणी:

  1. सदियों से चम्पी करे, पंजे नोचें बाल |
    कंघी बेंचे वह धड़ा, गंजे करें सवाल |

    गंजे करें सवाल, नया हेयर कट पाया |
    हर दिन अति उम्मीद, दीप नित नया जलाया |

    यह गंजों का देश, राज सत्ता को कोसे |
    दीन हीन के क्लेश, रहे यूँ ही सदियों से ||

    जवाब देंहटाएं