शुक्रवार, 29 नवंबर 2013

मोदी ने सीएम को "घर" में ही घेरा

जोधपुर/पोकरण। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान में चुनाव प्रचार की अपनी आखिरी सभा में मुख्यमंत्री को उनके "घर" में ही घेरा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार भरोसे के लायक नहीं है। न न्यायालय ने भरोसा किया और ना ही उनकी राज्यपाल ने।

सोनिया प्रदेश की सरकार को अच्छा बता रही हैं लेकिन राहुल गांधी ने भी सरकार पर भरोसा नहीं किया और सरकार को बिना बताए दंगा प्रभावितों से मिलने आ गए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इन दिनों घूमते रहते हैं, वे चिंता में है। इससे पहले जैसलमेर के पोकरण में आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि इस समय देश में भाजपा की आंधी चल रही है जिससे कांग्रेस का बचना मुश्किल है।

जोधपुर में रावण का चबूतरा मैदान में शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में मोदी ने अपने 50 मिनट के उद्बोधन में महंगाई, गरीबी, नौजवान, शिक्षा व बेरोजगारी पर फोकस रखा।

प्रचार का शोर समाप्त होने से ऎन पहले आयोजित सभा में उन्होंने जोधपुर पर कम और प्रदेश तथा देश के मुद्दों पर ज्यादा फोकस किया। कई बार मोदी ने राजस्थान की तुलना गुजरात से की और गुड गवर्नेस का नारा देते हुए गुजरात को बेहतर बताया।

उन्होंने देश को सुशासन देने के नाम पर मत मांगे। मोदी ने कहा कि कुशासन ने देश को खोखला कर दिया है। लोगों में निराशा और अविश्वास के भाव हैं, जो आक्रोश को जन्म दे रही है। अब देश को इससे निकालकर सुशासन की तरफ ले जाना होगा।

कई देश हमसे आगे निकल गए, लेकिन हमारी स्थिति बद से बदतर हो गई। इसका कारण है कि हमारे नेताओं ने स्वराज के बाद सुराज की तरफ ध्यान नहीं दिया। कांग्रेस ने केवल जोड़-तोड़ की सरकारें चलाई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें