रविवार, 31 मार्च 2013

गुजराती कलाकारों ने दी गेर नृत्य की प्रस्तुति


गुजराती कलाकारों ने दी गेर नृत्य की प्रस्तुति 



गेर महोत्सव के तीसरे दिन दिखा उत्साह, महोत्सव को देखने के लिए उमड़ी भीड़

जालोर भक्त प्रहलाद चौक में भक्त प्रहलाद उत्सव समिति के नेतृत्व में चल रहे गेर महोत्सव के तीसरे दिन गुजरात के वीरम गांव से रौनक एंड पार्टी के नेतृत्व में गेर नर्तकों ने गुजराती ढोल व गीतों की धुनों पर डांडिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। समिति अध्यक्ष बंशीलाल सोनी ने बताया कि महोत्सव के दौरान बाड़मेर जिले के बिठूजा गांव की वागा गेर दल व जालोर के माली समाज के लोगों ने भी गेर नृत्य प्रस्तुत किया। ढोल व थाली की धुन पर सिर पर साफा व पैरों में घुंघरु बांधे गेर नृत्य करते नर्तक वातावरण में अलग ही समां बांधते नजर आए। मदमस्त होकर नाचते गेर नर्तकों के डांडियों की धुनों पर पांडाल में उपस्थित दर्शक भी झूमने लगे। 

इसी प्रकार स्थानीय माली समाज और घांची समाज के गेर नर्तकों ने भी मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। सोनी ने बताया कि शनिवार को पांडाल में कर्मचारी नेता ईश्वरलाल शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

सात दिवसीय गेर महोत्सव के तहत भक्त प्रहलाद चौक में तीसरे दिन लोगों की भीड़ उमड़ी। लय और ताल पर थिरकते गेरियों ने हर किसी का मनोरंजन किया। वहीं ढोल की थाप माहौल को और भी आनंदमयी बना रहा था।

आज भी प्रस्तुति देंगे कई क्षेत्र के गेरिये : भक्त प्रहलाद उत्सव सेवा समिति के अध्यक्ष बंशीलाल सोनी ने बताया कि रविवार को भी दो सत्रों में विभिन्न क्षेत्रों के गेरिये प्रस्तुति देंगे। उन्होंने बताया कि रविवार को सिंदली, भोरड़ा, सराणा के कालबेलिया गेर नर्तक प्रस्तुतियां देंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें