बुधवार, 31 अक्तूबर 2012

गुस्साए लोगों ने लगाया जाम



करीब सवा घंटे तक जाम रहा सिरोही-आबूरोड मार्ग, मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी
 
 आबूरोड शहर के मानपुर क्षेत्र में किशोरी के साथ सामूहिक ज्यादती के मामले में पांच दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित लोगों ने मंगलवार को सिरोही-आबूरोड मार्ग पर जाम लगा दिया तथा जमकर नारेबाजी की। करीब सवा घंटे बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की समझाईश के बाद लोगों ने जाम खोला।

मानपुर के बाशिंदों का कहना था कि पुलिस की शिथिल कार्यप्रणाली की वजह से दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे मजबूरन हमें रास्ता जाम करना पड़ रहा है। जाम के बाद लोगों ने पुलिस व चिकित्सा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने। जाम की सूचना मिलते ही माउंट आबू एसडीएम जितेंद्र कुमार सोनी एवं आबूरोड तहसीलदार गोपाललाल स्वर्णकार भी घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीएम ने लोगों से आक्रोश का कारण पूछा और बताया कि यह मामला उन्होंने खुद दर्ज कराया था। वे इस घटना का पूरी तरह से निष्पक्ष जांच करवाएंगे। उन्होंने कहा कि रास्ता बंद होने से दूसरे लोगों को असुविधा होती है। एसडीएम की ओर से इस मामले की निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ एवं उन्होंने जाम खोला।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें