मंगलवार, 30 अक्तूबर 2012

"50 करोड़ से ज्यादा कीमती मेरी बीवी"

"50 करोड़ से ज्यादा कीमती मेरी बीवी"

नई दिल्ली। केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री शशि थरूर ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के "50 करोड़ की गर्लफ्रेंड" संबंधी ताने पर पलटवार करते हुए मंगलवार को कहा, "मेरी पत्नी अनमोल है।"

थरूर ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट टि्वटर पर लिखा, "मेरी पत्नी आपके काल्पनिक 50 करोड़ से कहीं बेशकीमती है। वह अनमोल है। लेकिन यह समझने के लिए आपको किसी से प्यार करने और उस लायक बनने की जरूरत है।"

ज्ञात हो कि हिमाचल प्रदेश के मंडी कस्बे में एक चुनावी रैली को सम्बोधित करते हुए मोदी ने सोमवार को थरूर के व्यक्तिगत जीवन पर आक्षेप किया था और कहा था, "वाह क्या गर्लफ्रेंड है। आपने कभी देखा है 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड?"

मोदी ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा बहुत स्पष्ट था। उन्होंने कहा था, "एक कांग्रेस नेता अब मंत्री हैं। उन पर क्रिकेट से धन अर्जित करने का आरोप लगा था। उन्होंने संसद में कहा था कि एक महिला के नाम पर 50 करोड़ रूपए उगाहने के मामले से उनका कोई वास्ता नहीं है।"

गौरतलब है कि थरूर 2010 में एक आईपीएल क्रिकेट विवाद में फंसे थे। उनका नाम उनकी तत्कालीन महिला मित्र सुनंदा पुष्कर के साथ जोड़ा गया था। इस विवाद के कारण उन्हें विदेश राज्यमंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

मोदी ने यह भी कहा था, "...और तत्कालीन महिला मित्र उनकी पत्नी बन गई। हमें कुछ समय बाद पता चला...यह मुद्दा अभी तक सुलझा नहीं है और अब उन्हें (थरूर) मंत्री बना दिया गया।"

उल्लेखनीय है कि थरूर एक बार टि्वटर पर विमान के इकोनॉमी क्लास को "कैटल क्लास" (पशु श्रेणी) बताने पर भी विवाद में फंसे थे। गत रविवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल के फेरबदल में सरकार में उनकी वापसी मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री के रूप में हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें