शुक्रवार, 31 अगस्त 2012

बारात लेकर दो दिन तक दुल्हन को ढूंढता रहा दूल्हा

बारात लेकर दो दिन तक दुल्हन को ढूंढता रहा दूल्हा

सदर थाने में शादी का झांसा देकर पैसे हड़पने का मामला दर्ज

बाड़मेर

शादी रचाने के लिए बारात लेकर आए दूल्हे को बैरंग लौटना पड़ा। दो दिन तक दूल्हे के साथ बारात दुल्हन को ढूंढती रही। मगर शादी का सौदा तय करने वाले युवक गायब हो गए तो शादी नहीं हो पाई। जिन लोगों ने शादी का झांसा दिया था वे तीन लाख साठ हजार रुपए लेकर भाग गए। जब पता चला कि उनके साथ धोखा हुआ तो दूल्हे के परिजनों ने पुलिस थाना सदर में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है।जोधपुर के भोपालगढ़ क्षेत्र के हीरादेसर गांव का एक युवक शादी रचाने के लिए बारात लेकर बुधवार को बाड़मेर पहुंचा। शादी तय करवाने वाले दो युवकों से संपर्क नहीं हो पाया तो बारात रुक गई। गुरुवार को दिनभर फोन पर संपर्क के लिए प्रयास करने के बावजूद बिचौलियों का पता नहीं लगा तो बारातियों को पूरा माजरा समझ में आ गया। इसके बाद अर्जुनराम पुत्र पाबूराम जाट निवासी हीरादेसर ने पुलिस थाना सदर में मामला दर्ज करवाया कि बाड़मेर के वीरसिंह व जेठाराम नामक दो युवकों ने लड़के की सगाई तय की थी। उस दौरान उन्होंने कुल 3 लाख 60 हजार रुपए में यह सौदा तय किया। आधे पैसे तो पहले ही दे दिए थे। शेष राशि बारात बाड़मेर पहुंचने पर दे दिए। इसके बाद ये दोनों भाग गए। मोबाइल स्विच ऑफ कर दिए। पुलिस ने शादी का झांसा देकर पैसे हड़पने का मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें