शुक्रवार, 29 जुलाई 2011

लड़के की मां से लिया बदला, घसीटकर सरेराह किया निर्वस्त्र

नारनौंद. गांव लोहारी राघो में एक लड़के पर गांव की एक विवाहिता को घर से भगाकर ले जाने के आरोप में कुछ लोगों ने आरोपी लड़के की मां को गली में घसीटा और निर्वस्त्र कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। गांव में गुरुवार देर शाम तक पंचायत भी हुई। कल कोई फैसला होने की उम्मीद है।

नारनौंद अस्पताल में भर्ती महिला ने बताया कि 24 जुलाई की रात करीब आठ बजे जब वह घर पर बैठी थी तो गांव के ही टिम्मी गाबा, खरायती चावला, बिल्लू पुलिसिया, बाली, बिल्लू, बेदी, सुकली, पूर्ण व पिरथी व अन्य लोग वहां आए। उन्होंने शोर मचाते हुए उनके बेटे प्रवीन उर्फ काला के बारे में पूछा। उसका फोन नंबर मांगा।

आरोप है कि बेटे के बारे में जानकारी न होने की बात कहने पर ये लोग महिला को घर से घसीटते हुए गली में ले आए और उसे निर्वस्त्र कर दिया। ऐसा देख गांव की एक महिला बाहर आई और आरोपियों को रोका। इस पर आरोपी भाग गए। महिला ने उसे कपड़े ओढ़ाए और घर पहुंचाया।

दूसरी तरफ इस मामले में आरोपी पक्ष के लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले धर्मपाल रोहिला का बेटा प्रवीन उर्फ काला गांव की एक विवाहिता को घर से भगा कर ले गया था। दो दिन बाद यह महिला जींद में लावारिस हालत में मिली थी। पुलिस उसे घर छोड़ कर आई थी। इसके बाद ही युवक की मां से बदला लिया गया।

इस बारे में गांव के सरपंच ओम प्रकाश ने कहा कि जिस दिन घटना हुई, वह गांव में नहीं थे। अगर गांव में ऐसा हुआ तो गलत है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

1 टिप्पणी: