रविवार, 24 जुलाई 2011

नक्सली करते हैं महिला कमांडरों का यौन शोषण: बंदूक की नोंक पर बलात्कार


रांची.  झारखंड से गिरफ्तार की गई एक महिला नक्सली कमांडर सुनीता उर्फ शांति ने नक्सली सगठनों का असली चेहरा उजागर करते हुए कहा है कि पुरुष नक्सली कमांडर महिला नक्सलियों का बंदूक की नोक पर यौन शोषण करते हैं। इसके अलावा महिलाओं को वहां से भागने भी नहीं दिया जाता। 

अनेक मामलों में वांटेड सुनीता को एक सूचना के आधार पर लोहरदगा पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया था। सीपीआई माओवादी में छह महीने पूर्व कथित तौर पर बंदूक की नोक पर शामिल कराई गई सुनीता लोहरदगा में कुडू थाना क्षेत्र के कड़ाक गांव के महादेव लोहरा की बेटी है।

उसने पुलिस को बताया कि नक्सली बंदूक के जोर पर ही महिला नक्सलियों से सारे काम करवाते हैं। संगठन में घाघरा गांव की रहने वाली पूनम कुमारी ने जब यौन शोषण से बदहाल होने पर भागने की कोशिश की तो पुरुष कमांडरों के आदेश पर गोली मार दी गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी।

20 वर्षीय सुनीता ने लोहरदगा के एसडीपीओ रामगुलाम शर्मा को पूछताछ में ये बातें बताईं और पत्रकारों के सामने भी नक्सलियों की काली करतूत को कबूला। सुनीता ने बताया कि उसका उस समय बंदूक के जोर पर माओवादियों ने अपहरण कर लिया था जब अपनी बहन के घर गई हुई थी। माओवादियों ने उसे जबरन हथियारों की ट्रेनिंग के लिए छत्तीसगढ़ भेजा और प्रशिक्षण देकर वापस झारखंड ले आए। यहां उन्होंने उससे कई नक्सल गतिविधियों को अंजाम दिलाया।

उसने बताया कि वह पुरुष कमांडरों के इशारों पर लोगों की हत्या, आगजनी, लूटपाट और बारूदी सुरंगे बिछाने का काम करती थी। एक बार बीच में भाग कर जब वह अपने घर वापस आ गई तो नक्सलियों ने उसकी बहन के परिजनों को किडनैप कर लिया और मारा पीटा और कहा कि जब तक सुनीता वापस नहीं आएगी वह उन्हें प्रताड़ित करते रहेंगे।

उसने बताया कि उसके साथ जितनी भी लड़कियां नकसलियों के साथ थी, सभी का जबरन दैहिक शोषण किया जाता है और उनमें से अनेक गर्भवती भी हो जाती थीं तो उनका गर्भपात कराया जाता था। उसने बताया कि एक बार जब वह तीन महीने की गर्भवती हो गई तो उससे कई बार बलात्कार करने वाले नक्सली ने लोहरदगा के अखोरी कॉलोनी में एक घर में 15 हजार रुपये देकर उसका गर्भपात करवाया। उसने बताया कि नक्सली संगठनों में लड़कियों की स्थिति बहुत ही सोचनीय है और शायद ही कोई महिला नक्सली स्वेच्छा से इन संगठनों में काम करती है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें