शनिवार, 9 जुलाई 2011

अमेरिकी ने खाई ओबामा को मारने की कसम,

 

डकोटा (अमेरिका). अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा को मारने का संकल्प लेने वाले एक अमेरिकी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है।41 साल के वर्नन मैकवे नाम के इस शख्स ने जांच करने वाले अधिकारियों से कहा है, जब तक मैं उसे (ओबामा) पकड़कर मार नहीं दूंगा तब तक नहीं रुकूंगा। हालांकि, इसी सनक के चक्कर में वह एक महिला की हत्या कर चुका है। मैकवे ने पुलिस कर्मी को भी मारकर उसकी बंदूक छीनने की योजना बनाई थी। लेकिन इसी बीच वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने मैकवे को 2 जुलाई को गिरफ्तार किया।
मैकवे पर लगे आरोप के मुताबिक उसने दक्षिण डकोटा के सियक्स फाल्स इलाके में मौजूद 75 साल की महिला मेबेले शीन के घर में घुस गया और उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद वह शीन की ही कार से मैडिसन पहुंचा जहां उसने एक पुलिस वाले पर घात लगाकर हमला करने और उसकी बंदूक छीनने की योजना बनाई थी।पूछताछ में मैकवे ने माना है कि उसने शिकागो या इंडियानापोलिस जाकर किसी की हत्या करने और एक दूसरी गाड़ी चुराकर वॉशिंगटन जाने की योजना बनाई थी। वॉशिंगटन पहुंचकर वह ओबामा को राइफल से मारना चाहता था।
मैकवे ने जांच अधिकारियों को बताया कि उसने ओबामा को मारने की योजना दो साल पहले दक्षिण डकोटा की जेल में बनाई थी। 30 जून को वह एक मॉल में गया जहां उसने कुछ छूरियां और कपड़े चुराए। इसके बाद वह एक नर्स के घर में घुस गया और वारदात को अंजाम दिया। मैकवे के खिलाफ शिकायत में कहा गया है कि वह खून करके हत्या करने का तजुर्बा हासिल करना चाहता था।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें