शुक्रवार, 22 जुलाई 2011

जहीर को अर्जुन अवार्ड, नारंग को खेल रत्न


नई दिल्ली. भारतीय निशोनबाज गगन नारंग को भारतीय खेलों का सबसे बड़े सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित किया गया है। गुरुवार को लॉर्ड्स टेस्‍ट में अचानक अनफिट हो गए भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जहीर खान को अर्जुन अवार्ड दिया जाएगा। पुरस्कारों के लिए बनी चयन समिति ने इसकी सिफारिश खेल मंत्रालय को की है और इसकी औपचारिक घोषणा अभी बाकी है। 



नारंग ने दिल्ली में हुए कॉमनवेल्थ खेल-2010 में 4 स्वर्ण पदक जीते थे। इसके पहले भी वे भारत को कई बार गौरवांवित कर चुके हैं। वे पहले भारतीय शूटर हैं, जिन्होंने लंदन ओलंपिक्स के लिए क्वालिफाई कर लिया है। पिछले साल खेल रत्न न मिलने पर वे नाखुश थे। लेकिन इस साल उन्हें खेल रत्न पुरस्कार की सिफारिश की गई है।  
जिम्नास्ट आशीष कुमार, लंबी दूरी की धावक प्रीजा श्रीधरन और निशानेबाज राहुल बनर्जी को भी अर्जुन अवार्ड दिए जाने की सिफारिश की गई है। 
जहीर खान भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनर गेंदबाज हैं और कई अहम मौकों पर उन्होंने विकेट चटकाकर, भारतीय टीम को सफलता दिलवाई है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 271 विकेट लिए हैं, जबकि एक दिवसीय मैचों में उनके खाते में २७३ विकेट हैं। हाल ही में हुए विश्व कप में भी वे शाहिद अफरीदी के साथ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी बने।
आशीष कुमार को अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में किसी भी भारतीय द्वारा जिम्नास्टिक का पहला पदक जीतने का श्रेय हासिल है। उन्होंने 2010 कॉमनवेल्थ खेलों में पुरुषों की वॉल्ट स्पर्धा में रजत पदक जीता था। इसके बाद उन्होंने एक कांस्य पदक भी जीता था।
 प्रीजा श्रीधरन ने चीन के ग्वांगजू में हुए एशियन खेलों में महिलाओं की 10,000 मीटर की दौड़ में स्वर्ण और 5,000 मीटर की दौड़ में रजत पदक जीता था। भारत में महिलाओं की 5,000 और 10,000 मीटर दौड़ का रिकॉर्ड उन्हीं के नाम पर है।
राहुल बनर्जी ने भी दिल्ली में हुए कॉमनवल्थ खेलों में निशानेबाजी में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा 2008 और 2009 में हुई विश्व कप निशानेबाजी स्पर्धा  में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीते थे।  
इनके अलावा जिन खिलाड़ियों को अर्जुन अवार्ड की सिफारिश की गई है, उनमें सुनील छेत्री (फुटबॉल) , सोमदेव देवबर्मन (टेनिस), सुरंजॉय सिंह (मुक्‍केबाजी), विकास गौड़ा (डिस्कस थ्रो) और ज्वाला गुट्टा (बैडमिंटन) शामिल हैं।  इनके अलावा तेजस्विनी सावंत (निशानेबाजी), संध्या रानी (वुशु)  के नामों की भी सिफारिश की गई है।
 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें