गुरुवार, 28 जुलाई 2011

विदेश जाने के लिए ताक पर रखा रिश्ता और भाई-बहन बन गए पति-पत्नी


मोगा . विदेश जाने के लिए एक भाई ने अपनी ही बहन के साथ शादी रचा ली। यही नहीं दोनों ने मिलकर फर्जी कागजात और प्रमाणपत्र तैयार करवाकर न्यूजीलैंड जाकर रहने लगे।
इस जालसाजी का खुलासा कोई और नहीं बल्कि लड़की के बहनोई ने किया। जिसकी शिकायत पर थाना धर्मकोट पुलिस ने जांच के बाद दो महिलाओं सहित चार लोगों के खिलाफ साजिश, धोखाधड़ी, पासपोर्ट एक्ट और जाली कागज तैयार करने का मामला दर्ज कर लिया है। 
एएसआई पलविंदर सिंह ने बताया की गांव सांगला निवासी नवतेज सिंह ने कुछ महीने पहले पुलिस को दी लिखित शिकायत में आरोप लगाया था की कस्बा धर्मकोट निवासी उसकी साली राजपाल कौर ने विदेश जाने के लिए वर्ष 2007 में जाली कागज के आधार पर पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था।
पासपोर्ट तैयार होने के बाद उसकी साली राजपाल कौर अपने परिजनों के साथ मिल कर अपने ही सगे भाई वीर सिंह के साथ शादी कर उसे कोर्ट में रजिस्ट्रर करवा लिया। भाई-बहन से पति पत्नी बनने के बाद दोनों चार साल पहले न्यूजीलैंड जाकर रहने लगे। 
पुलिस ने नवतेज सिंह की शिकायत पर लंबी जांच के बाद शिकायतकर्ता के साले वीर सिंह, साली राजपाल कौर, सास हरबंस कौर और ससुर रेशम सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दो आरोपी फिलहाल विदेश में है जबकि दो को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। इस बाबत विदेश मंत्रालय, पासपोर्ट और वीजा दफ्तर को भी सूचित कर दिया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें