बुधवार, 27 जुलाई 2011

प्यार से इनकार पर लड़की के घर भिजवाए कॉन्डम

मुंबई।। चारकोप पुलिस ने तीन ऐसे मनचलों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक लड़की को परेशान करने के लिए बेशर्मी की हद पार कर दी थी। वे उसके घर बिना डिमांड के कॉन्डम भिजवाने लगे थे। गिरफ्तार युवकों में 21 साल का सूरज प्रकाश रिक्शा ड्राइवर है, जबकि दो अन्य आरोपी नाबालिग हैं।

पुलिस के मुताबिक, लड़की जब स्कूल में पढ़ती थी, तो उसकी अपने दो दोस्तों के जरिए सूरज प्रकाश से जान पहचान हुई। उसे तब तक यह पता नहीं था कि सूरज रिक्शा ड्राइवर है। स्कूल से जब वह कॉलेज गई, तब उसने सूरज को ऑटो चलाते और अपने दोनों दोस्तों को उसके ऑटो पर बैठे देखा।

लड़की को उसके बाद लगा कि ये लड़के उसके क्लास (लेवल) के लायक नहीं हैं। लड़की ने इन लड़कों को फिर इग्नोर करना शुरू कर दिया, जिसे इन लड़कों ने अपना अपमान समझा।

उन्होंने इसके बाद लड़की को सबक सिखाने के वास्ते तरह-तरह के हथकंडे अपनाए। इन लड़कों ने कई बार किसी रेस्तरां को फोन कर लड़की के घर खाना भेजने का ऑर्डर कर दिया, एक बार किसी मेडिकल स्टोर को फोन घुमा कर लड़की के घर के पते पर कॉन्डम भेजने को कहा।

कुछ दिनों पहले इन्होंने लड़की के घर में आग लगने का फोन पुलिस कंट्रोल रूम कर दिया। इस फोन के बाद पुलिस और दमकल विभाग लड़की के घर पहुंच गए।

वहां सब कुछ सामान्य पाकर पुलिस को जब आश्चर्य हुआ, तो इस बात की छानबीन हुई कि यह फोन किस नंबर से कंट्रोल रूम आया। जवाब में पुलिस को जो मोबाइल नंबर मिला, वह एक लड़की के नाम रजिस्टर्ड था।

जब इस लड़की से पूछताछ हुई, तो उसने बताया कि उसका मोबाइल कुछ दिनों पहले गिर गया था, जिसमें से संभवत: सिम कार्ड चोरी कर लिया गया। पुलिस ने इसके बाद इस सिम कार्ड में फीड तमाम नंबरों की पड़ताल की और फिर तीनों आरोपियों तक पहुंची।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें