मंगलवार, 28 जून 2011

भिड़ंत के बाद गुस्साई भीड़ ने रोका रास्ता




जोधपुर। सूरसागर बाइपास पर मंगलवार सुबह एक बाइक पर सवार युवक-युवती को ट्रैक्टर ने चपेट में ले लिया। जिससे दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने युवती को अस्पताल में भर्ती करवाया। हादसे के बाद क्षेत्रवासियों ने स्पीड ब्रेकर लगवाने की मांग करते हुए मुख्य सड़क पर पत्थर रखकर रास्ता जाम कर दिया। लोगों ने टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। आखिरकार, मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर रास्ता खुलवाया।
सूरसागर थानाधिकारी वीरेंद्रसिंह ने बताया कि तनवाडिया बेरा गेंवा निवासी अमृतलाल और उसकी रिश्तेदार जयश्री पुत्री रतनसिंह बाइक पर सूरसागर बाइपास से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। इससे जयश्री घायल हो गई। उसे लोगों ने अस्पताल में भर्ती करवाया। इससे क्षुब्ध क्षेत्रवासी दोपहर तक काफी संख्या में एकत्र हुए और रास्ते पर पत्थर व अन्य सामग्री डालकर जाम कर दिया।
उनका कहना था कि स्पीड ब्रेकर नहीं होने की वजह से यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। रास्ता जाम होने की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान लोगों ने रास्ते पर टायर जलाए। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद लोगों ने रास्ता खोला। दुर्घटना थाना (पश्चिम) पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त चालक की तलाश शुरू कर दी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें