शुक्रवार, 10 जून 2011

तोमर ने साधा दिग्गी पर निशाना




तोमर ने साधा दिग्गी पर निशाना 
 

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और सांसद नरेन्द्र सिंह तोमर ने कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह पर जमकर निशाना साधा है। तोमर ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्गी को आड़े हाथों लिया।

योगगुरू बाबा रामदेव के खिलाफ दिग्विजय सिंह की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए तोमर ने कहा कि कांग्रेस नेता ने अच्छा खलनायक बनने के लिए रामदेव के खिलाफ बयानबाजी की। इसके साथ ही तोमर ने बाबा रामदेव पर हुए अत्याचार के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन छेड़ने का भी ऎलान किया। भाजपा नेता ने कहा कि भोपाल में 23 जून से यह आंदोलन शुरू होगा। उन्होंने बताया कि भाजपा 23 जून से भोपाल में उसके बाद जुलाई से देश भर में लोकसम्पर्क आंदोलन का आगाज करेगी। उन्होंने कहा कि देश भर के 100 से ज्यादा शहरों में भाजपा लोकसम्पर्क आंदोलन चलाएगी।

उल्लेखनीय है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कानून बनाए जाने और विदेशों में जमा काले धन को राष्ट्रीय संपत्ति घोष्रित कर उसे भारत लाए जाने की मांग को लेकर बाबा रामदेव गत 4 जून से अनशन पर हैं। योगगुरू ने दिल्ली के रामलीला मैदान में अनशन की शुरूआत की थी। लेकिन 4-5 जून की रात को बाबा रामदेव और उनके समर्थक अनशनकारी सत्याग्रहियों पर केन्द्र सरकार के निर्देश पर पुलिस ने बर्बर कार्रवाई की। पुलिस की ओर से आधी रात के बाद बरसाई गई लाठियों से दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इसके बाद बाबा रामदेव को हरिद्वार चले आए थे और उन्होंने पतंजलि योगपीठ पर अपना अनशन जारी रखा। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें