गुरुवार, 23 जून 2011

पुत्रवधू द्वारा अपनी सास को आग लगाने का मामला

कुरुक्षेत्र. श्याम कॉलोनी में एक पुत्रवधू द्वारा अपनी सास को आग लगाने का मामला सामने आया है। सास को गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में पहले एलएनजेपी अस्पताल लाया गया, जहां नाजुक हालत के चलते उसे पीजीआई रेफर कर दिया।

सूचना पर पुलिस ने अस्पताल पहुंच महिला के बयान दर्ज किए। उसके बयानों के आधार पर पुलिस ने पुत्रवूध के खिलाफ हत्या के प्रयास के आरोप में केस दर्ज कर छानबीन शुरू की है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।

श्याम कॉलोनी वासी 62 वर्षीय महेंद्र कौर ने बताया कि उसने अपने छोटे लड़के बलविंद्र की शादी एक वर्ष पहले किरण के साथ की थी। शादी के बाद से ही किरण का व्यवहार उसके प्रति सही नहीं था। रोजाना वह उसके साथ झगड़ा करती थी। सोमवार को भी उसके साथ किरण ने झगड़ा किया। तब अन्य परिजनों ने बीच बचाव करा उसे शांत कराया। रात को वह खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई।

आरोप लगाया कि रात को किरण ने उसकी चारपाई के नीचे पुराने कपड़े आदि डाल दिए और उन पर मिट्टी तेल छिड़क कर आग लगा दी। जल्द ही आग भड़क गई और उसे अपनी लपेट में लिया। उसकी चीख पुकार सुनकर परिजन भी जाग गए। परिवार के लोगों ने आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार महेंद्र कौर 60 प्रतिशत से अधिक झुलस गई।

कृष्णागेट चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह के मुताबिक मजिस्ट्रेट ने भी अस्पताल पहुंच उसके बयान दर्ज कर लिए हैं। उसके बयानों के आधार पर पुलिस ने किरण के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच के बाद सच्चई का खुलासा होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें