सोमवार, 27 जून 2011

पति ने की नवविवाहिता की गला रेत कर हत्या


जयपुर। डेढ़ महीने पहले जिसे गाजे बाजे के साथ घर लाया था, उसी पत्नी को पति ने रविवार देर रात बेदर्दी से गला रेत कर मार डाला। मालवीय नगर थानांतर्गत इंदिरागांधी नगर निवासी अशोक कुमार और उसकी पत्नी ऊषा में रविवार देर रात किसी बात पर झगड़ा हुआ और अशोक ने किसी तेजधार हथियार से ऊषा का गला रेत कर उसे हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया।

ऊषा आठ दिन पहले ही अपने मायके से ससुराल आई थी, रविवार सुबह तक सबकुछ ठीकठाक चल रहा था। दिन में वे जलमहल वगैरहा घूमने गए थे, शाम को वहां से लौटने के बाद दोनों की बीच कहासुनी हुई , जिसने बाद में बड़े झगड़े का रूप ले लिया।

सूत्रों के अनुसार यह हत्या दहेज को लेकर या विवाह पूर्व संबंधों को लेकर की गई है। ऐसे ही किसी मामले को लेकर दोनों में देर रात विवाद हुआ था। हालांकि यह भी बताया जा रहा है कि जब से इन दोनों की शादी हुई थी, ऊषा से लगातार दहेज की मांग की जा रही थी। उसने यह बात अपने परिजनों को भी बताई थी। लेकिन आठ दिन पहले उसे ससुराल भेज दिया गया। यहां पर रविवार रात दोनों के बीच हुए झगड़े के बाद अशोक ने गुस्से में एक वार उसके गाल पर एक गले पर और तीसरा उसके पेट में किया।

ऊषा की चीखें सुनकर पड़ोसी घटनास्थल पर पहुंचे और ऊषा को मालवीय नगर स्थित अपेक्स अस्पताल में पहुंचाया, जहां उसकी हालत बिगड़ती देख एसएमएस अस्पताल रैफर कर दिया गया। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति अशोक को हिरासत में ले लिया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें