शुक्रवार, 3 जून 2011

एटीएस और सिमी में मुठभेड़, एटीएस जवान की मौत


 एटीएस और सिमी में मुठभेड़, एटीएस जवान की मौत

मध्यप्रदेश में रतलाम रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार शाम 5 बजे जीआरपी थाने के पास एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) तथा सिमी कार्यकर्ताओं के बीच मुठभेड़ हो गई। 
 गोलियों से एटीएस के एक जवान की मौत हो गई है। वहीं, इंचार्ज मनीष दुबे सहित दो अन्य घायल हुए हैं। भागते समय सिमी कार्यकर्ता ने अपने ही साथी को गोली मार दी इससे वह गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने घायल कार्यकर्ता सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

एटीएस इंचार्ज मनीष दुबे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिमी के कुछ कार्यकर्ता स्टेशन परिसर में संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। वे ट्रेन से इंदौर की ओर भागने की फिराक में हैं। दुबे ने अपनी टीम के साथ पीछा कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की। बदमाशों ने बचने के लिए कट्टे से फायर कर दिए। इससे दुबे सहित सभी जवान घायल हो गए। शिवप्रतापसिंह की हालत गंभीर थी, इंदौर ले जाते समय रास्ते में ही उनके दम तोड़ देने की खबर है। हालांकि पुलिस अभी इस बात की पुष्टि नहीं कर रही है। 

गोली चलाने के बाद भागते समय एक सिमी कार्यकर्ता कीचड़ के कारण गिर पड़ा। इस पर दूसरे साथी ने उस पर गोली चला दी जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। उसकी पहचान जाकिर हुसैन के रूप में की गई है। जाकिर को जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां से सीएचएल-जैन दिवाकर हॉस्पिटल रैफर किया गया है। इस मामले में पुलिस ने दो और संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें