सोमवार, 6 जून 2011

सरकार दिलाएगी हर गरीब को घर: गहलोत


सोमवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह में की शिरकत

जोधपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि अब मकान के लिए कर्जा गरीब नहीं सरकार लेगी। राज्य सरकार गरीबों के लिए प्रदेश में 10 लाख मकानों के निर्माण के लिए बैंक से 3400 करोड़ रुपए का ऋण लेगी। यह घर तीन साल में बनने शुरू होंगे। इससे हर गरीब को घर सुलभ हो सकेगा।

मुख्यमंत्री गहलोत ने लूणी पंचायत समिति के शिकारपुरा गांव में देवाराम और किशनाराम महाराज के समाधि प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में सोमवार सुबह गरीब तबके को मकान दिलवाने के मामले में यह बात कही। गहलोत ने प्रदेश में बिगड़ते लिंग अनुपात पर चिंता जताते हुए कहा कि लिंग अनुपात में संतुलन बिगड़ा तो इसके परिणाम घातक होंगे। गर्भ में ही बच्चे का लिंग जांचने की मशीनें आने के कारण गर्भ में ही कन्याओं की हत्या करने के मामले बढ़ते जा रहे है। सरकार ने इसे रोकने के लिए कानून बना दिया है।


इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री गहलोत सहित कई मंत्री और विधायक शामिल हुए। जल संसाधन मंत्री महिपाल मदेरणा , विधायक उदयलाल आंजणा , विधायक मलखानसिंह बिश्नोई ने भी इस कार्यक्रम में शिरकत की। इससे पूर्व मुख्यमंत्री राजाराम आश्रम में किशनाराम व देवाराम महाराज के समाधि स्थल पर पहुंचे, जहां पर राजेश्वर भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम के बाद से हेलिकॉप्टर से जयपुर के लिए रवाना हो गए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें