सोमवार, 13 जून 2011

यमुना में नहाने गए पांच युवकों की डूबने से मौत




यमुना में नहाने गए पांच युवकों की डूबने से मौत


डूबते दोस्त को बचाने के चक्कर में यमुना नदी के बुराड़ी घाट पर एक-एक कर चार और युवक गहरे पाने में डूब गए। देर शाम पांचों युवकों के शवों को नदी से निकाल लिया गया। पांचों युवक स्वरूप नगर इलाके के हैं जो अपने चार अन्य मित्रों के साथ अपरान्ह बाद यहां नहाने आए थे। थाना बुराड़ी पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शवों को सब्जीमंडी के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस का मानना है कि हो सकता है नहाने से पहले युवकों ने घाट पर बीयर वगैरह की पार्टी भी की हो।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त आइबी रानी ने पांचों युवकों की मौत की पुष्टि की है। उनके नाम गोलू , गोविंद (20), विष्णु (18), गोपी (22) व कुणाल (18) है। घटना रविवार अपरान्ह करीब चार बजे की है। पता चला है कि नहाने के दौरान विष्णु गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बचाने के लिए गोलू ने उसका हाथ पकड़ा तो वह भी गहरे पानी में चला गया। उन दोनों को डूबते देख अन्य साथी उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़े और डूब गए। आसिन, यशवंत व दो अन्य युवक डूबते साथियों को बचाने पानी में आगे नहीं गए, जिससे वे बच गए। उन्होंने ने ही मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस, दमकल विभाग के कर्मचारी व गोताखोर मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पांचों युवकों के शव ढूंढ निकाले।
पुलिस का कहना है कि सभी दोस्तों ने नहाने से पहले नदी के किनारे पार्टी की थी। आशंका है कि नहाने से पूर्व इन्होंने बीयर आदि पी होगी। नशे में युवक गहरे पानी में चले गए होंगे। पुलिस के मुताबिक चार जून को भी चार युवक इसी घाट पर नहाने आए थे, जिनमें रियाशत अली समेत दो की गहरे पानी मे डूबने से मौत हो गई थी। जबकि दो युवक बाल-बाल बच गए थे। ये लोग भी स्वरूप नगर के ही रहने वाले थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें